सोनिया की रायबरेली विरासत को 2019 में संभालेगी प्रियंका गांधी!

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 24 जनवरी 2017, 10:34 AM (IST)

लखनऊ। यूपी चुनावों में प्रियंका गांधी की बढती सक्रियता को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रियंका गांधी यूपी से आगामी लोकसभा चुनाव लड सकती है। मीडिया में आ रही खबरों के अनुसार कयास लगाए जा रहे हैं प्रियंका गांधी 2019 के लोकसभा चुनावों में राबरेली सीट से चुनाव लड सकती हैं। ज्ञातव्य है कि सपा-कांग्रेस के गठबंधन में भी प्रियंका गांधी ने अहम भूमिका निभाई है। वहीं हाल के दिनों में सोनिया गांधी की सक्रियता सियासी गलियारे में कम ही देखी गई है।

माना जा रहा है कि खराब स्वास्थ्य के कारण सोनिया गांधी की सक्रियता घटी है। वहीं यूपी की सियासत में प्रियंका गांधी का दखल बढा है। सपा से गठबंधन पर बात बिगडते-बिगडते बनी तो इसका श्रेय भी प्रियंका गांधी को दिया गया। ज्ञातव्य है कि प्रियंका 1999 से ही अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीटों पर कांग्रेस का चुनाव प्रबंधन देखती आ रही हैं।

वहीं कांग्रेस पार्टी का कहना है कि कार्यकर्ता चाहते हैं कि प्रियंका गांधी राजनीति में अहम भूमिका अदा करें। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी सपा-कांग्रेस के गठबंधन में प्रियंका की अहम भूमिका को स्विकारा है। वहीं कांग्रेस के प्रवक्ता अजय कुमार ने भी कहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी में प्रियंका की अहम भूमिका के इच्छुक हैं।

[@ यहां डॉक्टर नहीं, भूत-प्रेत करते है इलाज]

उनके लिए भारी समर्थन है, जो दिखता है। कांग्रेस के सीनियर नेता अहमद पटेल ने भी ट्वीट कर सपा-कांग्रेस गठबंधन में प्रियंका के रोल को स्वीकार किया। इसके साथ ही ये अटकलें भी लगने लगी है कि क्या प्रियंका 2019 के लोकसभा चुनाव में रायबरेली सीट से उम्मीदवार होंगी?
ज्ञातव्य है कि सोनिया गांधी ने अपना सबसे पहला चुनाव 1999 में अमेठी से लडा था। बाद में सोनिया ने 2004 में रायबरेली सीट से चुनाव लडा।

रायबरेली और अमेठी दोनों सीटें गांधी परिवार की सीटों के रूप में जानी जाती है। राहुल गांधी 2004 से अमेठी से सांसद हैं तो सोनिया रायबरेली का प्रतिनिधित्व करती हैं। रायबरेली और अमेठी दोनों सीटों पर चुनाव प्रबंधन का काम प्रियंका गांधी ही देखती है। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रियंका अपना पहला चुनाव रायबरेली सीट से लड सकती हैं।

[@ खासखबर EXCLUSIVE: यूपी इलेक्शन में क्या गुल खिलाएगा डिजिटल वॉर ?]

[@ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]