बिलासपुर। भानुपल्ली-बैरी रेल लाइन के लिए अधिगृहित की जाने वाली जमीन के विवाद को सुलझाने के लिए पंजाब व हिमाचल के राजस्व अधिकारी जुट गए हैं। दो दिन से अधिकारी पंजाब की सीमा पर नीलां व मोहिवाल में राजस्व रिकॉर्ड खंगाल कर पैमाइश कर रहे हैं। भूमि विवाद के सुलझने के बाद जमीन का अधिग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू होगी। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण भानुपल्ली-बैरी रेललाइन की जमीन अधिग्रहण के दौरान बिलासपुर जिला की पंजाब के साथ लगती सीमा पर नीलां व मोहिवाल में विवाद हो गया था। इस कारण जमीन का अधिग्रहण नहीं हुआ था।
दोनों राज्यों के राजस्व अधिकारी दो दिन से नालीं व मोहिवाल में पैमाइश कर रहे हैं। इसके बाद दोनों राज्यों के राजस्व अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में जमीन का अधिग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू करेंगे। पहले चरण में भानुपल्ली से धरोट तक रेललाइन बनाई जाएगी। इसके तहत 10 किलोमीटर पंजाब व 10 किलोमीटर रेललाइन बिलासपुर में बनेगी। बिलासपुर में बनने वाली रेललाइन के लिए 964 बीघा जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इसमें 648 बीघा जमीन सरकारी व 316 बीघा जमीन निजी है।
जमीन अधिग्रहण के लिए जिला प्रशासन के पास नौ करोड़ रुपये पड़े हैं। उपमंडलाधिकारी सदर एवं भू अर्जन अधिकारी डा. हरीश गज्जू ने बताया कि पहले चरण में बनने वाली रेललाइन के लिए पंजाब के साथ लगती सीमा पर पैदा हुए विवाद को सुलझाने के लिए नायब तहसीलदार रेल टीम के साथ आनंदपुर साहिब के राजस्व अधिकारियों के साथ जमीन की निशानदेही कर रहे हैं।
[@ फ्रांस के इजराइली सेब को बाजार में उतारेंगे हिमाचल के बागवान]