सायना-जयराम मलेशिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 19 जनवरी 2017, 5:59 PM (IST)

सिबु (मलेशिया)। भारत की अग्रणी महिला खिलाड़ी सायना नेहवाल ने गुरुवार को मलेशिया मास्टर्स ग्रांप्री गोल्ड टूर्नामेंट के महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। वहीं पुरुष एकल में अजय जयराम भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। टूर्नामेंट की शीर्ष वरीय सायना ने इंडोनेशिया की हना रामादिनी को 42 मिनट तक चले मुकाबले में 21-17, 21-12 से मात दी।

वहीं छठी वरीय जयराम ने चीनी ताइपे के सुयेह सुयान यी को 21-12, 15-21, 21-15 से मात दी। क्वार्टर फाइनल में सायना इंडोनेशिया की फितरियानी फितरियानी से भिड़ेंगी। जयराम के सामने क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया के एंथोनी सिनिसुका की चुनौती होगी। मिश्रित युगल में योगेंद्र कृष्णनन और प्रजक्ता सावंत को हार का सामना करना पड़ा है।

भारतीय जोड़ी को सिंगापुर की योंग केई टैरी ही और वेई हान टान की जोड़ी ने 21-17, 21-17 से मात दी। पुरुष युगल में भी भारत का दिन अच्छा नहीं रहा। अर्जुन एम.आर और रामचन्द्रन श्लोक की जोड़ी को हांग कांग की लॉ चेयुक हिम और ली चुन हेई की जोड़ी ने हराया।

[@ जडेजा-अश्विन में से कोई भी बन सकता है नं.1, देखें टॉप-10 गेंदबाज]

चुन हेई और चेयुक की जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 21-14, 21-17 से मात दी। मिश्रित युगल में मनु अत्री और ज्वाला गुट्टा की जोड़ी हार कर टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। भारतीय जोड़ी को इंडोनेशिया की टोनटोवी अहमद और ग्लोरिया इमानयुेले की जोड़ी ने 30 मिनट तक चले मुकाबले में 21-18, 21-10 से मात दी।

[@ हाशिम अमला का टेस्ट में ‘शतक’, ये हैं टॉप-10 क्रिकेटर]

तीसरी वरीय मनु और बी.सुमित रेड्डी की जोड़ी को भी पुरुष युगल में हार मिली। यह जोड़ी इंडोनेशिया की हेंड्रा गुनावान और मार्किस किडो से 17-21, 21-18, 12-21 से हार गई। महिला युगल में अपर्ण बालान और प्रजकता सावंत भी भारत को जीत नहीं दिला सकीं। इस जोड़ी को चीनी ताइपे की चियांग केई सिन और हुंग शीह हान की जोड़ी ने 21-18, 21-14 से हराया।

(IANS)

[@ इस दिग्गज को पछाड पहले स्थान पर आए कोहली, ये हैं टॉप-10]