झूठ बोलने से नहीं मिलेगा इन कार्यो का फल

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 22 फ़रवरी 2016, 8:02 PM (IST)

धार्मिक ग्रन्थों के अनुसार हर इंसान को भगवान की पूजा पाठ व आराधना करनी चाहिए। इंसान भगवान की आराधना इसलिए करता है कि उसके जीवन में खुशियां आएं। इंसान जो मेहनत करता है उसका भगवान अच्छा फल दे और उसकी जिंदगी खुशियों से भर जाए। कई बार इंसान को काफी पूजा पाठ और तपस्या करने के बाद भी फल नहीं मिलता।

ऎसे में इंसान निराश हो जाता है और भगवान के प्रति अविश्वास की भावना जागने लगती है। धार्मिक ग्रन्थों और शास्त्रों की मानें तो भगवान किसी इंसान को उसकी भक्ति का फल तब ही देता है जब वो भगवान की निस्वार्थ भाव से सेवा करने, आराधना व पूजा पाठ करे और सबसे अहम बात है वो है कि इंसान झूठ नहीं बोले। शास्त्रों की मानें तो जो इंसान झूठ बोलता है उसे उसकी पूजा पाठ या आराधना का फल नहीं मिलता।

शास्त्रों के अनुसार ऎसे पांच कार्य हैं जिनको करते हैं तो उसका फल तभी मिलेगा जब आप झूठ नहीं बोलेंगे अगर इन कामों को करते हो और झूठ बोलते हो तो आपको इन कार्यो का पूर्णत: फल नहीं मिलेगा।


1. होम या हवन करना

हिंदू धर्म में बहुत ही शुभ माना जाता है। किसी भी शुभ प्रसंग में हवन करने का बहुत ही महत्व माना जाता है। हवन करने से पूरा वातावरण शुद्ध हो जाता है और सारी नेगेटिव एनर्जी खत्म हो जाती है, लेकिन जो मनुष्य झूठ बोलता है, उसके लिए यह पुण्य कर्म किसी काम का नहीं। झूठ बोलने या झूठ का साथ देने वाले मनुष्य का हवन-होम सभी व्यर्थ चले जाते हैं और उसे इसका फल नहीं मिलता है।

2. ग्रंथों या वेदों का पाठ

ग्रंथों या वेदों का पाठ करना भी कई लोगों की दिनचर्या का हिस्सा होता है, लेकिन इसी के साथ-साथ झूठ बोलना भी उनकी आदत होती है। जो व्यक्ति अपने फायदे के लिए झूठ का सहारा लेता हो, उसकी भक्ति भी उसे सफलता नहीं दिला सकती। ऎसा व्यक्ति कुछ समय के लिए तो झूठ बोलकर मुनाफा कमा सकता है, लेकिन आगे जाकर उसे इसके दुष्परिणाम झेलना ही पडते हैं।

3. जप, ध्यान या तपस्या

देवी-देवता का जप करना उन्हें प्रसन्न करने का सबसे आसान तरीका कहा जाता है, लेकिन जप या ध्यान करने के भी अपने कुछ नियम होते हैं। छल-कपट, मन में किसी तरह का झूठ या लालच जैसे भावों के होने पर जप कभी फल नहीं देता। ऎसे भावों से किया गया जप या ध्यान देवता भी स्वीकार नहीं करते।

4. पूजा

हिंदू मान्यताओं में रोज अपने दिन की शुरूआत भगवान की पूजा-अर्चना करके करने का महत्व माना जाता है। कहते हैं जो मनुष्य सुबह जल्दी उठ कर, स्त्रान करके भगवान की पूजा करने के साथ अपने दिन को शुरू करता है, उसके सभी काम सफल होते हैं। कई लोग इस बात का पालन भी करते होंगे फिर भी उन्हें अपनी इच्छा के अनुसार फल नहीं मिलता है। इसका कारण अपका झूठ बोलना या झूठ का साथ देना हो सकता है। इसलिए, आज ही अपनी झूठ बोलने की आदत को त्याग दें।

5. दान

दान को हिंदू धर्म में बहुत ही महत्व दिया गया है। ग्रंथों के अनुसार, दान करने से मनुष्य अपने कई पापों का प्रायश्चित कर सकता है, लेकिन यह बात बहुत ही कम लोग जानते होंगे कि दान भी तब तक फल नहीं देता, जब तक मनुष्य झूठ बोलना न छोड दे।