आरा। बिहार के भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र में सोमवार को अज्ञात बदमाशों ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के एक नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। भोजपुर में ही भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विशेश्वर ओझा की हत्या हुई थी।
पुलिस के अनुसार सहार प्रखंड के बरूही गांव के रहने वाले भाकपा (माले) नेता राजेंद्र महतो की सोमवार सुबह उनके बगीचे में ही अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
पीरो के अनुमंडल पुलिस अधिकारी जयप्रकाश राय ने बताया कि महतो रात के समय अपने बगीचे की रखवाली के मकसद से वहीं रहते थे। राय ने कहा कि हत्या का कारण पुरानी रंजिश हो सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है।
भाकपा (माले) के प्रदेश कार्यालय सचिव कुमार परवेज ने बिहार पुलिस से पूरे मामले की जांच करने और अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि महतो पार्टी के पुराने कार्यकर्ता थे।
(IANS)