स्वामी विवेकानंद के आदर्शो पर आगे बढ़ सकते हैं-कप्तान सिंह

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 16 जनवरी 2017, 7:47 PM (IST)

भिवानी। जिस प्रकार का सशक्त भारत हम बनाना चाहते हैं, वह स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को आत्मसात करके ही संभव है। वे न सिर्फ शारीरिक रूप से सशक्त बल्कि उनका अंतःकरण भी विशाल था। वे देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व की चिंता करते थे। उन्होंने वर्ष 1893 में अमेरिका की धरती पर जाकर शांति और सौहार्द का संदेश दिया।
राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने यह विचार आज झोझूकलां गांव स्थित स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय युवा प्रतिभा सम्मान एवं सामूहिक सूर्य नमस्कार व ध्यान साधना समारोह में बतौर मुख्यतिथि संबोधित करते हुए प्रकट किए। यह समारोह परिर्वतन फाउंडेशन चरखी दादरी व ग्राम पंचायत झोझू कलां के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर मनाए जा रहे राष्ट्रीय युवा सप्ताह के अवसर पर आयोजित किया गया।
महामहिम ने कहा कि चरखी दादरी नया जिला बना है और इसके बनते ही फाउंडेशन द्वारा इतने बड़े स्तर पर इस समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जो काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि 12 जनवरी 1863 में स्वामी विवेकानंद का जन्म हुआ। इस महानुभूति की याद में संपूर्ण देश राष्ट्रीय युवा सप्ताह मना रहा है। उन्होंने कहा कि अगर युवाओं में जागृति आएगी तो परिवार जागृत होगा। परिवार के जागृत होने पर समाज व पूरा देश जागृत होगा।
इस अवसर पर गुरुकुल झज्जर के छात्रों द्वारा प्राचीन मलखंभ कला का प्रदर्शन किया गया, जिसमें बच्चों ने मलखंभ के उपर पश्चिमोतान व शीर्षान सहित कई आसनों का प्रदर्शन किया गया। समारोह में विभिन्न स्कूली बच्चों ने सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार किया। राज्यपाल ने इस अवसर पर स्टेडियम परिसर में त्रिवेणी लगाई तथा यज्ञ में पूर्णाहुति डाली। उन्होंने पर्यावरणविद् डॉ. आरएन यादव द्वारा लिखित पुस्तक पर्यावरण संजीवनी का भी विमोचन किया। इस अवसर पर युवा वर्ग में परिवर्तन लाने की दिशा में अथक कार्य करने के लिए रिंपी फौगाट, सतेंद्र सत्यवान, विकास कलकल, संजय शर्मा, विक्रम डाला, नरेश झोझूकंला, बिशन सिंह आर्य, मास्टर नरेश बलाली, श्यामसुंदर शर्मा तथा वेदप्रकाश गोठड़ा को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्रीराम पब्लिक स्कूल विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुनील गुलाटी, उपायुक्त पंकज, पुलिस अधीक्षक सुनील दलाल, एसडीएम बिजेंद्र हुड्डा, परिवर्तन फाऊंडेशन के अध्यक्ष राजेश सांगवान, सरपंच दलबीर गांधी, कुश्ती में देश का नाम विश्व में रोशन करने गीता व बबीता के पिता महाबीर फौगाट, माऊंट एवरेस्ट को फतह करने वाली डॉ. संतोष यादव, महंत चरणदास, जयहिंद मंच के अध्यक्ष सुरेश कौशिक, नवीन जयहिंद, डॉ. मदन मानव, गुरुग्राम रेडक्रास सचिव श्याम सुंदर शर्मा तथा अन्य अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा आसपास गांवों के गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

[@ Exclusive: BSP ने इन 11 मुद्दों पर घेरा अखिलेश को, कहा- दोबारा मुख्यमंत्री.... ]