जयपुर। जलदाय विभाग के प्रमुख शासन सचिव जेसी महान्ति ने जापान के तकनीकी सहयोग से जयपुर में पानी की छीजत को 40 प्रतिशत से 15 प्रतिशत पर लाने की बात कही। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में एनआरडब्ल्यू (नॉन रेवेन्यू वाटर रिडक्शन) को सभी संभागों की योजना बनाकर पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। महान्ति सोमवार को जयपुर में आयोजित एनआरडब्ल्यू की दो दिवसीय सेमीनार को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जयपुर शहर में प्रतिदिन 47 करोड़ लीटर पानी सप्लाई की जाती है, जिसमें 15 करोड़ लीटर पानी छीजत में व्यर्थ बह जाता है। विभाग ने जापानी कंपनी जायका (जापान इंटनेशनल कॉरपोरेशन एजेंसी) के तकनीकी सहयोग से मानसरोवर, चित्रकूट, आदर्श नगर और बनीपार्क क्षेत्रों का चयन कर वहां मीटर और जर्जर पाइप लाइनों को बदलने और कई तकनीकी बदलाव करने की जानकारी दी। यही नहीं, जापानी तकनीक से सुसज्जित आधुनिक उपकरणों जैसे लीकेज डिटेक्टर और जोन स्कैनर के जरिए बहुत कम समय में लीकेज ढूंढ़कर उन्हें सही करने में काफी मदद मिली। नतीजन पानी की छीजत में जबरदस्त कमी आई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही जयपुर शहर के साथ पूरे प्रदेश को एनआरडब्ल्यू से जोड़ा जाएगा। इस दौरान अधीक्षण अभियंता केशव श्रीवास्तव ने जयपुर शहर में एनआरडब्ल्यू को लागू करने की योजना का प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने बताया कि इसके तहत एनआरडब्ल्यू सेल, आईटी सेल, मैपिंग सेल और ट्रेनिंग सेल का भी गठन किया जाएगा। पूरे शहर को कवर करने के लिए 5 साल की योजना प्रस्तुत की। जिसके अनुसार शहर के सभी खराब मीटरों और जर्जर पाइप लाइनों को बदलने, फ्लोमीटर, वाॅल्व, स्कोडा सिस्टम लगाने का काम करने की बात कही। इस दौरान बेंगलूरु वाटर सप्लाई और सीवरेज बोर्ड के अतिरिक्त मुख्य अभियंता अमृतेश और उनके सहयोगी अनवर मिर्जा ने जाइका की ओर से वहां किए कार्यों का प्रस्तुतिकरण दिया।सेमीनार में जापान से आए विशेषज्ञों के अलावा विभाग के 80 से ज्यादा उच्चाधिकारियों ने शिरकत की और अपने अनुभव साझा किए। सेमीनार का उद्देश्य जयपुर में पानी की छीजत को कम करने के लिए कर्मचारियों की क्षमता का संवर्धन करना और तकनीकी और परिचालन संबंधी क्षमता का विकास करना है। दो दिवसीय सेमीनार का समापन मंगलवार को जलदाय मंत्री सुरेन्द्र गोयल करेंगे। इस अवसर पर दिल्ली जल बोर्ड के वीरेन्द्र कुमार और जाइका के केंजी नाकनोसोनो अपनी केस स्टडी को अभियतांओं के साथ साझा करेंगे।