बेंगलूरू में प्रवासी राजस्थानियों से डिजिटल भुगतान अपनाने का आग्रह

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 14 जनवरी 2017, 6:12 PM (IST)

जयपुर। केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी, विधि और न्याय राज्य मंत्री पी.पी चौधरी ने बेंगलूरू में प्रवासी राजस्थानी संघों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में भुगतान की प्रक्रिया को सरल बनाने और भ्रष्टाचार मिटाने के लिए डिजिटल भुगतान अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने लोगों से इसके लिए सरकार द्वारा हर स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही आईटी सेवा सुविधाओं का उपभोग करने का भी आग्रह किया।

‘माई स्टैम्प’ का अनावरण

चौधरी ने जनरल पोस्ट ऑफिस, बेंगलूरू में एमफेसिस की रजत जयंती के अवसर पर समारोह में एमफेसिस ‘माई स्टैम्प’ का अनावरण किया। चौधरी ने कहा कि हमारा सपना देश को डिजिटल रूप से सशक्त समाज के रूप में परिवर्तित करना है और सरकार ने इस सपने को साकार करने के लिए कई उपाय किए हैं। एमफेसिस जैसे कई संगठनों ने देश को विश्व में आईटी पावर हाउस बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके बाद चौधरी ने सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पाक्र्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई), बेंगलूरू द्वारा आयोजित सम्मेलन में आईटी उद्योग के प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श और सॉफ्टवेयर उत्पादों से संबंधित राष्ट्रीय नीति पर उनकी राय ली। चौधरी ने बेंगलूरू की प्रमुख आईटी कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बैठक की और उनसे भारत में आईटी उद्योग के विकास को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर चर्चा की। उद्योग के प्रतिनिधियों ने एसटीपीआई द्वारा आईटी उद्योग की न केवल स्थापित यूनिटों को बल्कि नई लगाई जा रही यूनिटों (स्टार्ट-अप) को उपलब्ध कराई जा रही एकमुश्त सेवाओं की सराहना की।


[@ एक गांव ऐसा भी जहां योजना का लाभ चाहते है ग्रामीण लेकिन ...]

चौधरी ने बेंगलूरू में स्थापित किए जा रहे सूचना प्रौद्योगिकी निवेश क्षेत्र (आईटीआईआर) की प्रगति की समीक्षा की। इसकी परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) सरकार द्वारा पहले ही अनुमोदित की जा चुकी है। समीक्षा के बाद चौधरी ने कहा कि भारत सरकार प्रस्तावित आईटीआईआर को विकसित करने के लिए कर्नाटक सरकार को हरसंभव सहायता देगी। चौधरी ने एसटीपीआई, बेंगलूरू के कामकाज की समीक्षा भी की, जिसका आईटी के क्षेत्र में भारत के निर्यात में लगभग 40 प्रतिशत का योगदान है। समीक्षा के दौरान राज्य मंत्री ने एसटीपीआई को निर्देश दिया कि वह तीन महीनों में कम से कम एक बार उद्योग के सभी पणधारियों से परामर्श करें और उनकी समस्याओं का समाधान करें, ताकि देश आईटी उद्योग के क्षेत्र में अपने वर्चस्व को बरकरार रख सकें।


[@ भ्रष्ट कर्मचारी के बारे में बताइये 5 लाख का इनाम पाइये ]

एसटीपीआई, बेंगलूरू के निदेशक ने डिजिटल साक्षरता और डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहन देने के लिए एसटीपीआई, बेंगलूरू किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कैशलेस अर्थव्यवस्था तथा डिजिटल भुगतान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के अभियान को एक भाग के तौर पर अब तक उनके द्वारा कर्नाटक की आम जनता और आईटी यूनिटों के पांच हजार लाभानुभोगियों के लिए 81 कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। चौधरी ने उनके प्रयासों की सराहना की और उन संगठनों को भी डिजिटल भुगतान के प्रयोग को प्रोत्साहन देने के लिए कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए।

[@ शैक्षणिक सत्र 2017-18 में नए सात कोर्स शुरू करने की प्लानिंग ]