कैशलेस बैंकिंग अपनाकर आदर्श प्रस्तुत करें खियेरांवासी: कलक्टर

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 14 जनवरी 2017, 12:49 PM (IST)

बीकानेर। जिला कलक्टर वेदप्रकाश ने कहा कि खियेरां के ग्रामीण जिले में आदर्श प्रस्तुत करते हुए कैशलेस लेन-देन को प्राथमिकता दें। जिला कलक्टर खियेरां के अटल सेवा केन्द्र में कैशलेस बैंकिंग से संबंधित वर्कशॉप के दौरान ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा एसबीबीजे के सहयोग से खियेरां को कैशलेस बनाने की पहल की गई है। ग्रामीणों को भी इस अभियान में बढ़-चढकऱ भागीदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि खियेरां में सभी लेनदेन कैशलेस होने चाहिए तथा एटीएम कार्ड धारक पिन-पासवर्ड गोपनीय रखें। यह उनकी तिजोरी की चाबी है। जिला कलक्टर वेदप्रकाश ने खियेरां, खोखराना, जालवाली एवं कालासर में आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय जनकल्याण पंचायत शिविर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जनता की समस्याओं का त्वरित गति से निस्तारण करने के दिशा-निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने ग्रामवासियों से आह्वान किया कि कैशलेस ट्रांजेक्शन कर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करें। उन्होंने भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना व राजश्री योजना की जानकारी दी। जिला कलक्टर ने कहा कि कन्या जन्म पर एक-एक पौधा लगाने की शुरुआत की जाए। उन्होंने कहा कि गांव में ‘कन्या उपवन’ विकसित हों तथा महिला सशक्तिकरण व पर्यावरण संरक्षण में ग्रामीण भागीदारी निभाएं। उन्होंने पॉलीथीन रोकथाम तथा मुख्यमंत्री विद्युत सुधार अभियान में ग्रामीणों की भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने खियेरां में मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तहत हुए कार्यों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी रतन कुमार स्वामी, नायब तहसीलदार विवेकानन्द आर्य, सहायक अभियंता यशपाल पूनिया, सरपंच सुमन गोदारा सहित विभिन्न विभागों के कार्मिक उपस्थित थे।

[@ पंजाब 2016 लेखा जोखा - 2016 की विधानसभा से जुड़ी बड़ी खबर।]