जयपुर। आज गुलाबी शहर का आसमान पतंगों से अट जाएगा। शहर के हर दिल पर पतंगों का रंग चढ़ेगा। सूरज को ढंकने का हौसला लिए हवा से जोर आजमाइश करती हरी, नीली, लाल, पीली, गुलाबी, सतरंगी पतंगों के रंग मकर संक्रांति पर शनिवार को रग-रग में घुलेंगे। परकोटे में गुलाबी इमारतों की कतारें देखने की आदी आंखें आज पतंगों की होड़ देखने के लिए आसमान पर जमी रहेंगी। शनिवार को सुबह 7. 40 बजे सूर्यदेव ने धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश कर लिया। कई वर्षों के बाद संक्रांति पर सर्वार्थ सिद्धि योग अमृत सिद्धि योग के साथ चंद्रमा कर्क राशि में और अश्लेषा नक्षत्र व प्रीति तथा मानस योग रहेगा। उधर, शनिवार को शहर में आसमान साफ रहेगा। सुबह 8 बजे पारा 9 डिग्री के आसपास रहेगा। शाम 6 बजे 17 से 18 डिग्री के बीच रहेगा। हवाओं की रफ्तार 6 से 10 किमी प्रतिघंटे रहेगी। सुबह 9 बजे के आसपास हवा पूर्वी दिशा की ओर, बाद में दक्षिण-पूर्व की ओर चलेगी।
[@ बादल बहू की धमकी- इशारा किया तो जिंदा नहीं रहेंगे ‘आप’ नेता]