तृणमुल कांग्रेस ने जारी की 10 उम्मीदवारों की दूसरी सूची

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 13 जनवरी 2017, 6:39 PM (IST)

चंडीगढ़। चंडीगढ़ में तृणमूल कांग्रेस ने पंजाब में अपनी 10 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। शुक्रवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में पत्रकारों से बात करते हुए तृणमूल कांग्रेस पंजाब इकाई के अध्यक्ष जगमीत बराड़ ने कहा कि उनकी पार्टी पंजाब में 38 से 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और उन्हें विश्वास है कि उनकी पार्टी बेहतर परिणाम लेकर आएगी। जगमीत बराड़ ने कहा कि पंजाब की दूसरी सियासी पार्टियां पंजाब के पानी, बेरोजगारी, नशा और किसानों की दुर्दशा के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है। ये मुद्दे उनकी पार्टी के लिए भी अहम है। लेकिन वे नोट बंदी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी। क्योंकि नोटबंदी की वजह से पूरे देश के साथ पंजाब के लोगों ने भी काफी संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने ही देश में नोटबंदी के खिलाफ सबसे पहले आवाज उठाई थी। क्योंकि नोटबंदी के बाद सरकार ने 15 बार अपने फैसले बदलकर लोगों को बेवकूफ बनाया और अडानी और अंबानी जैसे लोगों को करीब 42000 करोड़ का फायदा पहुंचाया। इतना ही नहीं, सरकार के इस फैसले के बाद देश में 160 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। बराड़ ने कहा कि पंजाब में अमृतसर सीट को वे सबसे महत्वपूर्ण मानते हैं और इस सीट पर उनकी पार्टी नोटबंदी के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। वे किसी भी हालत में नहीं चाहते कि इस सीट पर अकाली-भाजपा का कोई उम्मीदवार जीते। इसके लिए वे पंजाब की अन्य पार्टियों से अपील करते हैं कि वे यहां एकजुट होकर चुनाव लड़ें। बराड़ ने कहा कि उनका मुकाबला सिर्फ अकाली भाजपा के साथ है। क्योंकि अकाली भाजपा गठबंधन ने पंजाब को आर्थिक संकट में डाल दिया है। पंजाब में बेरोजगारी बढ़ रही है, नशा बढ़ रहा है और किसानों की दुर्दशा हो रही है। साथ ही अकाली भाजपा सरकार ने पंजाब में व्यापार और इंडस्ट्री को भी पूरी तरह से तबाह कर दिया है। इसलिए इस गठबंधन को पंजाब से निकालना उनका प्रथम उद्देश्य है।

[@ सैंकड़ों सालों से सीना ताने खड़ा है सोनार]