कानपुर। कड़ाके की ठंड और कोहरे के चलते ट्रेनों के लेट और निरस्त होने के कारण यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गुरूवार को भी सेन्ट्रल स्टेशन पर आने-जाने वाले सौ से ज्यादा ट्रेनें लेट रही, इसके साथ ही डाउन ट्रैक की दो एक्सप्रेस ट्रेनें निरस्त रहीं। कड़ाके की शीत लहर और कोहरा रेलवे और यात्रियों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। गुरूवार को डाउन ट्रैक की निजामुद्दीन और नई दिल्ली-पुरी एक्सप्रेस निरस्त कर दी गयी। राजधानी समेत सौ से ज्यादा ट्रेनें विलम्ब चल रही हैं। गुरूवार को अत्यधिक लेट चल रहीं 13 ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया। बताते चलें कि बुधवार को रिवर्स शताब्दी, लिच्छवी, नार्थ ईस्ट, कोटा-पटना, पटना-दिल्ली संपूर्ण क्रांति, ऊंचाहार (अप-डाउन) समेत 13 ट्रेनें निरस्त कर दी गई थी।
कोहरे में अत्यधिक विलम्ब से चल रहीं ट्रेनों को रेल प्रशासन निरस्त कर चाल सुधारने के प्रयास में है। ट्रेनों की लेटलतीफी के चलते सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्मों पर यात्री ठिठुरन के बीच ट्रेनों का इंतजार करने को मजबूर हैं। ज्यादातर गाड़ियां दो से बारह घंटे तक देरी से चल रही हैं। राजधानी समेत अधिकतर मेल व एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं।