बाड़मेर। नेहरू युवा केन्द्र और क्षेत्रीय प्रचार कार्यालय की ओर से गुरुवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती युवा दिवस के रुप में मनाई गई। इस मौके पर खारची में हुए समारोह में प्रधानाचार्य अली खा ने कहा कि स्वामी विवेकानदं सभी प्राणी मात्र को अपना भाई-बहन समझते थे। इसी सोच के कारण उन्होंने सात समन्दर पार शिकागो में भी जब अपना भाषण मेरे भाईयों और बहनों से शुरू किया तो पूरा सभा कक्ष तालियों से गूंज उठा। उन्होंने कहा कि आज भी हमें उनके बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है। प्रधानाचार्य अली ने कहा कि स्वामी जी का मानना था कि भारत का विकास शांति से ही हो सकता है। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता निहालुदीन, हीरारा सुभान खां और गुलाब खां ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वामी जी के दर्शन को जीवन में ढालने की युवाओ से अपील की। इस मौके पर नेहरू युवा केन्द्र के जिला युवा समन्वयक ओम प्रकाश जोशी ने युवाओं को स्वामी जी की अमर वाणी से अवगत कराते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं से बलवान बनने की बात करते थे। स्वामी जी का मानना था कि युवाओं को फुटबाॅल अवश्य खेलना चाहिए। जोशी ने नेहरू युवा केन्द्र की ओर से युवा सप्ताह के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी और उन्हें 11 संकल्प दिलवाए। वहीं क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नरेन्द्र तनसुखाणी ने युवाओं को भारत सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनसे डिजीटल भुगतान अपनाने की अपील की।