नकदी नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने पोस्ट ऑफिस पर किया प्रदर्शन

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 11 जनवरी 2017, 4:26 PM (IST)

जौनपुर। (गौराबादशाहपुर) नोटबंदी के दो माह बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। कस्बा स्थित पोस्ट आफिस से कैश नहीं मिलने पर आक्रोशित उपभोक्ताओं ने बुधवार को प्रदर्शन किया। दस दिनों से बिना कैश लिये लौट रहे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

सरायज्ञानचंद गांव के साहबलाल राम व मगरावां गांव के मोतीलाल का कहना है कि पेंशन के लिये दस दिनों से पोस्ट ऑफिस के चक्कर काट रहा हूं। डाक कर्मचारी कैश नहीं होने की बात कहकर ग्रामीणों को लौटा रहे हैं। पेंशनर के साथ ही आरडी और अन्य उपभोक्ता भी परेशानी झेल रहे हैं।

लल्लन प्रताप सिंह, इनामुल्लाह, सुभाष सोनकर, परवेज, सरफराज, धर्मेन्द्र मौर्य, संतलाल, बदरुद्दीन सहित अन्य लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। मामले पर पोस्ट मास्टर सादिक अली का कहना है कि कैश की डिमांड बढ़ती जा रही है लेकिन जिला मुख्यालय से हमें नकदी नहीं मिल रही है।

[@ उलझी ओम पुरी की डेथ मिस्ट्री: पहली पत्नी से दोबारा करना चाहते थे शादी]