एलिवेटेड रोड पर भिड़ीं दो कार, लग गई वाहनों की कतार

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 11 जनवरी 2017, 1:35 PM (IST)

जयपुर। राजधानी के सबसे लंबे एलिवेटेड रोड पर एक बार फिर हादसा हो गया है। इस बार दो कारें आपस में भिड़ गर्ईं। इसके कारण मार्ग में जाम लग गया। इसे हटाने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। जयपुर में मेट्रो ट्रैक के नीचे समानांतर एलिवेटेड रोड पर यह हादसा हुआ। अजमेर रोड के इस एलिवेटेड रोड पर जयपुर की ओर से आ रही दो कारें आपस में भिड़ गईं। असल में इस एलिवेटेड रोड पर लंबा कर्व है, जिसमें कई बार वाहन तेजी से निकलते हैं। यह बेहद खतरनाक है और इसके कारण दुपहिया वाहनों के स्लिप होने का डर भी बना रहता है। इसके बावजूद कई चालक तेजी से यहां से वाहन निकालते हैं। बुधवार को दो कारें मोड पर घूमते हुए टकरा गईं। इसके कारण तीन लोग घायल हो गए हैं। इन्हें अस्पताल ले जाया गया है। वाहनों की टक्कर से दोनों कारें यहां-वहां बिखर सी गईं। इसके कारण वाहनों का जाम लग गया। अजमेर पुलिया पर भी इस जाम का असर पड़ा है। कारण है कि यहां पुल पर काम चल रहा है, जिसके कारण एलिवेटेड रोड की एंट्री पर खासी कम जगह है। यही कारण है कि एलिवेटेड के जाम के कारण अजमेर पुलिया से भी वाहनों को निकलने में दिक्कत आई।

[@ भगवान शिव को पाने के लिए युवती ने जान दी]