साक्षी महाराज नेECको लिखा,कोई खेद नहीं

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 11 जनवरी 2017, 1:07 PM (IST)

नई दिल्ली। ‘4 बीवी, 40 बच्चे’ वाले बयान पर फंसे भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने चुनाव आयोग के नोटिस का जवाब दे दिया है। जवाब में अपने बयान का बचाव करते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि उन्होंने किसी धर्म पर टिप्पणी नहीं की थी बल्कि जनसंख्या पर नियंत्रण किए जाने की बात कही थी। उन्होंने यह भी कहा कि यह बयान किसी राजनीतिक रैली में नहीं, संतों के कार्यक्रम में दिया गया था।

इसी के साथ उन्होंने बयान पर खेद जताने से भी साफ इनकार कर दिया और कहा कि वह अपने बयान पर कायम हैं। आयोग को जवाब देने के बाद मीडिया से बातचीत में साक्षी महाराज ने कहा कि उनकी टिप्पणी किसी धर्म के खिलाफ नहीं थी। उन्होंने हास्यास्पद तुलना करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने भी 16,000 शादियां की थीं। साक्षी यहीं नहीं रुके, उन्होंने राजद नेता लालू प्रसाद यादव का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके भी कई बच्चे हैं।

भाजपा सांसद ने कहा कि वह अपने बयान पर कायम हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या वह अपने बयान पर खेद जताएंगे, उन्होंने कहा, ‘किस बात का खेद! जब कोई गलत बयान दिया ही नहीं।’ साक्षी ने आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप को नकारते हुए कहा, ‘मैंने यह बयान किसी राजनीतिक कार्यक्रम में नहीं दिया था, वह संतों द्वारा आयोजित कार्यक्रम था।


[@ छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला को सरेआम पीटा, वीडियो वायरल]

मैंने किसी धर्म का नाम नहीं लिया। जनसंख्या पर नियंत्रण होना चाहिए। औरतें बच्चा पैदा करने की मशीन नहीं हैं। हिंदुओं में भी कई लोगों के ज्यादा बच्चे हैं।’
बता दें कि उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज ने पिछले दिनों मेरठ में एक कार्यक्रम के दौरान देश में बढ़ती आबादी के लिए इशारों-इशारों में मुस्लिम समुदाय को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने कहा था, ‘देश की आबादी हिंदू नहीं, बल्कि 4 पत्नियां और 40 बच्चों वाले लोगों की वजह से बढ़ रही है।’

[@ जानिए कहां रहते थे अंतिम हिंदू सम्राट विक्रमादित्या, क्या है नाम..]