दिल्ली में ठंड ने तोडा पांच साल का रिकॉर्ड

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 11 जनवरी 2017, 10:29 AM (IST)

नई दिल्ली। पहाडों इलाकों में हो रही बर्फबारी से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत में कडाके की ठंड पड रही है। दिल्ली में ठंड ने पिछले पांच साल का रिकॉर्ड तोड दिया है। आज दिल्ली में सुबह न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं, कोहरे के कारण दिल्ली में आने-जाने वाली कुल 44 ट्रेनों पर असर पडा है।

पिछले दिनों से दिल्ली में शीत लहर का प्रकोप जारी है। दो दिन पहले शिमला में हुई बर्फबारी से पूरा उत्तर भारत कडाके की ठण्ड की चपेट में है। बुधवार को सफदरजंग में सुबह न्यूनतम तापमान 4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को पारा 5.1 तक पहुच गया था। मौसम विभाग के अनुसार, हड्डियों तक को गला देने वाली इस ठंड से फिलहाल अगले दो – तीन दिन तक दिल्ली वालों को कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। ठंड और कोहरे की वजह से राजधानी दिल्ली से जाने वाली 11 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। 26 ट्रेन देर से चल रही हैं तथा 7 ट्रेनों के समय में बदलाव कर दिया गया है।

[@ Exclusive:10 साल से बेडिय़ों में जकड़ी है झुंझुनूं की जीवणी]

अभी और गिरेगा पारा-
वीकेंड में हुई बारिश की वजह से मौसम ने अपने मिजाज बदले थे, हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं। अगले दो दिन में राजधानी और आसपास के इलाकों का पारा 2 डिग्री तक और गिरने की सम्भावना है। जिसके चलते मौसम विभाग ने दिल्ली समेत हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ, पश्चिम उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ इलाकों को ठंडी हवाओं के प्रकोप से बचने के लिए चेतावनी भी जारी कर दी है।

अगले दो दिन तक दिल्ली वालों को भी हिदायत है कि वे गर्म कपड़ों के साथ जरा संभल कर घर से बहार निकलें। भारी बर्फबारी के कारण लगातार दो दिनों तक देश के शेष हिस्सों से कटे रहने के बाद श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को रविवार को यातायात के लिए आंशिक तौर पर दोबारा खोला गया था। कश्मीर घाटी देश के शेष हिस्से से जुड़ गया और हवाई यातायात भी बहाल हुआ।

[@ Exclusive:10 साल से बेडिय़ों में जकड़ी है झुंझुनूं की जीवणी]

पाले का अलर्ट जारी-
मौसम विभाग के डायरेक्टर आर विशेन के अनुसार पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में दिन और रात का तापमान सामान्य के मुकाबले 5 डिग्री सेल्सियस नीचे चला जाएगा। इस स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इसी के साथ 13 जनवरी की सुबह तक रात के तापमान में आई गिरावट के चलते कई इलाकों में पाला भी पड़ सकता है। इस स्थिति को देखते हुए पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए पाले का अलर्ट जारी किया गया है।

[@ जानिए कहां रहते थे अंतिम हिंदू सम्राट विक्रमादित्या, क्या है नाम..]