8 करोड़ का लोन उठाने को बनाए थे फर्जी दस्तावेज, अब गिरफ्त में

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 11 जनवरी 2017, 08:41 AM (IST)

जयपुर। अलवर अरबन को-ऑपरेटिव बैंक से 8.28 करोड़ रुपए के लोन लेने के लिए फर्जी दस्तावेज बनाने वाले आरोपी गांधीनगर निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर मनप्रीत सिंह भसीन (31) को एसओजी ने गिरफ्तार किया है। अभिषेक जोशी व सीए आशीष गुप्ता ने गलत फोटो देकर फर्जी दस्तावेज बनाने की एवज में इंजीनियर को चार लाख रुपए दिए थे। अभिषेक जोशी ने बैंक के सीईओ महेश मुद्गल, बोर्ड चेयरमैन व डायरेक्टरों से मिलकर 92 खाते खुलवाकर 8.28 करोड़ रुपए का लोन ले लिया। एसओजी की जांच में मनप्रीत का दिल्ली में पंजाब वेब होस्टिंग नाम से वेबसाइट डिजाइनिंग और वेब प्रमोशन की फर्म है। आरोपी ने अभिषेक जोशी के लिए फाइल बनाने के लिए आईडी, पेन कार्ड व इनकम टैक्स रिटर्न के दस्तावेज बनाए थे। एसओजी ने अलवर अरबन कोऑपरेटिव बैंक घोटाले का खुलासा किया था और इसके बाद बैंक चेयरमैन मृदुल जोशी, अशोक जोशी, पूर्व चेयरमैन ओमप्रकाश सैनी, सीईओ महेश मुद्गल, सीए आशीष गुप्ता व अभिषेक को गिरफ्तार किया था। एटीएस के एडीजी उमेश मिश्रा ने बताया कि अभिषेक व आशीष ने गुगल से फोटो लेकर मनप्रीत को दिए थे। मनप्रीत ने फर्जी नाम-पतों से प्रोफार्मा को भरकर इनकम टैक्स रिटर्न के दस्तावेज बना दिए और 92 फाइल अभिषेक को दे दी। मनप्रीत से पूछताछ जारी है।

[@ साल 2016 में गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च हुए टाॅप 10 टाॅपिक्स]