गुरुग्राम। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर नोटबंदी के खिलाफ आज जिला महिला कांग्रेस की ओर से थाली पीटकर विरोध प्रदर्शन किया गया। शहरी महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष पूजा शर्मा व ग्रामीण महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष अन्नू पटौदी के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन कमान सराय स्थित कांग्रेस भवन से डाकखाना चौक होते हुए मुख्य बाजार तक किया गया।
इस प्रदर्शन के बाद कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने डाकखाना चौक पर प्रधानमंत्री मोदी का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर शहरी व ग्रामीण जिला महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया और थाली पीटकर प्रदर्शन किया।
शहरी महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष पूजा शर्मा ने बताया कि सरकार के नोटबंदी के फैसले से आज आम आदमी को हो रही परेशानी को लेकर जिला महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं द्वारा यह विरोध प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने बताया कि आज सरकार के नोटबंदी के फैसले को दो महिने हो चुके है लेकिन हालात अभी तक सामान्य नहीं हुए है। उन्होंने कहा कि सरकारी व गैर सरकारी कर्मचारियों को बैंक से अपनी सैलरी लेने के लिए भी मारामारी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मौके पर ग्रामीण महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष अन्नू पटौदी ने कहा कि नोटबंदी के फैसले से घरेलू कामकाजी महिलाओं को बड़ी परेशानी हो रही है और उन्हें अपना घर का काम छोडक़र बैंकों के चक्कर काटने पड़ रहे है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी केन्द्र सरकार की मनमर्जी का जमकर विरोध करेगी और आम आदमी को रही परेशानियों को इसी तरह प्रमुखता से उठाती रहेगी।
[@ ‘हॉट योगा गुरु’बिक्रम चौधरी हुआ कंगाल]
उन्होंने बताया कि महिला कांग्रेस द्वारा किए गए आज के इस विरोध प्रदर्शन का लोगों व व्यापारियों ने भी समर्थन किया। इस मौके पर विशेष रूप से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव, पूर्व विधायक चौधरी रामबीर सिंह अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
[@ Punjab election- चुनावी चौसर में दिग्गजों का आखिरी दांव चलना है बाकी]