मुलभूत सुविधाओं के विकास में नहीं आएगी कमी - कर्नल राज्यवर्धन सिंह

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 08 जनवरी 2017, 11:27 PM (IST)

जयपुर। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने रविवार को जालसू पंचायत समिति में सांसद आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया। कर्नल राठौड़ ने अपने दौरे की शुरुआत महेशवास गांव से की। जहां सभा को संबोधित करते हुए कहा कि गावों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए सरकार भरसक प्रयास कर रही है। उन्होंने ग्रामवासियों से गांव की सभी समस्याओं को निपटाने में सरकार का सहयोग करने की अपील की। कर्नल राठौड़ ने इस मामले में अरुणाचल प्रदेश का अनुसरण करने का आह्वान किया। जहां जनता अपनी परेशानियां खुद हल करने में पीछे नहीं हटती। केन्द्रीय सूचना और प्रसारण राज्यमंत्री ने गांव में आईटीआई खुलवाने की भी घोषणा की। ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके।

[@ Punjab election-कौन करेगा राज, किसके सिर होगा मुख्यमंत्री का ताज...]

इसके बाद उन्होंने मुंडोता में ग्रामीण इलाके में 50 खेल मैदानों में रात को खेलने की सुविधा उपलब्ध कराने, गांव के स्कूल में दो कक्षा भवनों के निर्माण और पुस्तकालय के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। केन्द्रीय मंत्री ने नांगल बिचपड़ी में 60 लाख रुपए की लागत से बनने वाले गौरव पथ का शिलान्यास भी किया। उन्होंने गांव के स्कूल भवन के लिए 10 लाख रुपए देने का ऐलान किया। कर्नल राठौड़ ने जालसू पंचायत समिति के रोजड़ा, चतरपुरा और जयरामपुरा में भी जनसभाओं को संबोधित किया। दौरे में उनके साथ वरिष्ठ नेता सतीश पूनिया, जालसू पंचायत समिति की प्रधान बादाम देवी और उप प्रधान अचरज कंवर भी मौजूद थे।

[@ Exclusive- राजनीति के सैलाब में बह गई देश के दो कद्दावर परिवारों की दोस्ती]