खेल-खेल में बच्चों ने जलाई माचिस, घास ने पकड़ी आग, 2 वर्ष की मासूम जिंदा जली

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 07 जनवरी 2017, 6:48 PM (IST)

उदयपुर। खेल-खेल में दो, तीन और चार वर्ष तीन बच्चों ने घर में हाथ आई माचिस को जला दिया। इससे घास ने आग पकड़ ली और 2 वर्ष की मासूम आग में जिंदा जल गई। मृत बच्ची की माता मवेशियां चराने गई थी और पिता अहमदाबाद में मजदूरी के लिए गया हुआ था। आसपास कोई मकान भी नहीं था। इस कारण मदद के लिए कोई नहीं पहुंच सका।

पुलिस के अनुसार सलूंबर थाना क्षेत्र के सेलपुर गांव में यह हृदय विदारक घटना हुई। सेलपुर गांव निवासी पूरण मीणा अपने परिवार को पालने के लिए अहमदाबाद में रहकर मजदूरी करता है। गांव में उसकी पत्नी लालकी तीन बच्चों नरेश (4), देवा (3) और रेखा (2) के साथ रहती है। पूरण के बड़े भाई और भाभी भी पास ही रहते हैं। लालकी शुक्रवार दोपहर गांव के पास ही स्थित जंगल में मवेशियां चराने चली गई। लालकी के जेठ और जेठानी भी पास के गांव में मृत्युभोज में शामिल होने गए थे। घर में तीनों बच्चे अकेले थे और खेल रहे थे। खेल-खेल में बच्चों को माचिस मिल गई और मासूम बच्चों ने माचिस को जला दिया। घर में ही मवेशियों के लिए रखी हुई घास ने आग पकड़ ली और कुछ ही देर में आग तेज हो गई। यह देखकर नरेश और देवा तो भागकर बाहर गए और 2 वर्ष की मासूम रेखा घर में ही फंस गई। दोनों बच्चे बाहर आकर रो रहे थे, परंतु पास में कोई अन्य मकान नहीं होने से समय पर सहायता नहीं मिल पाई। इस घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक अन्य मकान के लोगों ने यह देखा तो वे शोर मचाते हुए सहायता के लिए आए। शोर मचाने पर वहां और भी लोग पहुंच गए। उन्होंने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बच्ची मकान में ही जिंदा जल गई थी। ग्रामीण बच्ची का शव सलूंबर चिकित्सालय लेकर पहुंचे, वहां से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। बच्ची के पिता के अहमदाबाद से आने पर बच्ची का अंतिम संस्कार भी कर दिया।

[@ Punjab election- चुनावी चौसर में दिग्गजों का आखिरी दांव चलना है बाकी]