दहेज लोभियों से परेशान आत्महत्या का प्रयास करने वाली महिला ने दम तोड़ा

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 06 जनवरी 2017, 3:59 PM (IST)

अजमेर। पुष्कर के निकट डांग नेडल्या गांव में आत्महत्या का प्रयास करने वाली विवाहिता ने तबीयत बिगडऩे पर जेएलएन हॉस्पिटल लाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पीडि़ता के पीहर पक्ष का आरोप है की विवाहिता को उसके ससुराल पक्ष ने दहेज के लिए प्रताडि़त किया और मारपीट की। इस कारण उसने सुसाइड करने का प्रयास किया था। बाद में उसकी मौत हो गई। पीहर पक्ष की मांग पर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।

बताया जा रहा है कि डांग नेडल्या निवासी अनिता की शादी दो वर्ष पूर्व मांगलियावास में हुई थी। डेढ़ माह पूर्व उसके पति नानू सिंह और ससुराल के लोगों ने उससे मारपीट की। वह तभी से लगातार अस्पताल में भर्ती थी और कुछ दिन पहले ही उसे घर लाया गया था। गुरुवार रात तबीयत बिगडऩे पर उसे जेएलएन हॉस्पिटल लाया जा रहा था, तभी उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। पीहर पक्ष के अनुसार अनिता की उसके ससुराल में कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। उसके बाद भी उसके साथ मारपीट की गई। उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं। पुष्कर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

[@ ड्रेस पसंद नहीं आई तो पति ने चबाई पत्नी की नाक ]