कांग्रेस नेताओं के बदले सुर, कहा- यूपी की सभी 403 सीटों पर लड़ेंगे अकेले

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 06 जनवरी 2017, 2:29 PM (IST)

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच गठबंधन को लेकर चल रही अटकलों के बीच कांग्रेस नेताओं के अचानक सुर बदल गए हैं। कांग्रेस नेताओं ने सपा के साथ गठबंधन की खबरों को अफवाह करार दिया है। पीएल पुनिया और प्रमोद तिवारी का दावा है कि कांग्रेस की तरफ से गठबंधन को लेकर कोई भी पहल न तो आज तक हुई है और न ही कोई पहल होने जा रही है।
राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने भी कहा कि पार्टी राज्य की सभी 403 सीटों पर चुनाव लडऩे जा रही है। इससे पहले अटकलें लगाई जा रही थी कि कांग्रेस और सपा में गठबंधन हो सकता है। खुद शीला दीक्षित ने कहा था कि अगर गठबंधन होता है तो वह सीएम पद की उम्मीदवारी से हट जाएंगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया ने गठबंधन की संभावना पर कहा कि बातें तो बहुत होती हैं, कांग्रेस की तरफ से आजतक ना तो कोई पहल हुई है ना ही कोई बयान देखा होगा। यह कोरी अफवाह है, इसमें कोई सत्यता नहीं है। मैं एक सिरे से इसको खारिज करता हूं।

[@ खास खबर Inside Story: सपा का एक विधायक ऐसा भी..]

हालांकि सपा नेता जूही सिंह कांग्रेस के साथ गठबंधन का समर्थन करती नजर आईं। दूसरी तरफ बसपा कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन की खबरों पर जरूर चुटकी ले रही है। बसपा प्रवक्ता सुधींद्र भदौरिया ने कहा कि एक पप्पू और गप्पू मिलकर कोई विकल्प नहीं दे सकते हैं। भ्रष्टाचार और गुंडाराज का क्या मेल होगा, इसकी कल्पना तो उत्तर प्रदेश ही कर सकता है। उत्तर प्रदेश के लोग इसको समझेंगे। वहां मायावती जी की सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी।
जानकार बताते हैं कि कांग्रेस के नेता भले इस तरह की बयानबाजी कर रहे हों लेकिन भीतर ही भीतर पार्टी में समाजवादी पार्टी से गठबंधन को लेकर बातचीत का दौर जारी है। पार्टी नेताओं का यह बयान सिर्फ गठबंधन की सूरत में सीटें बढ़वाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

[@ Exclusive- राजनीति के सैलाब में बह गई देश के दो कद्दावर परिवारों की दोस्ती]