चंडीगढ़। दिल्ली में चुनाव आयोग की ओर से पांच राज्यो में चुनावी तिथि की घोषणा के बाद पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी वी के सिंह ने पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। जिसमें उन्होंने पंजाब विधानसभा चुनाव के बारे में भी बताया। वीके सिंह ने कहा कि इस बार वोटिंग से संबंधित शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1950 रखा गया है। जो 24 घंटे कार्य करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि डिजीटल इंडिया के तहत आॅनलाइन पोर्टल भी बनाया गया है। जिस पर आॅनलाइन शिकायत दे सकते हैं और इन शिकायतों का 24 घंटे में निपटारा होगा। सिंह ने इस बार 4 हजार पोलिंग बूथों पर वेबकास्टिंग करने और दिल्ली बैठे चुनाव आयोग की ओर से भी चुनाव प्रक्रिया देखे जाने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि 35 हलकों में वोटिंग वीवी पैट मशीनों से की जाएगी। जरनैल सिंह के मामले में बोलते हुए वीके सिंह ने कहा कि यदि वे यहां वोट अप्लाई करते हैं और पंजाब में अपना कोई ठिकाना बताते हैं तो चेकिंग के बाद उनकी वोट पंजाब से बन जाएगी। वीके सिंह ने कहा कि ऐसा पहली बार हो रहा है, जब वोटिंग देने आने वाले दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने इनकी संख्या 55 हजार से 70 हजार के बीच होने की बात कही। साथ ही उन्होंने पंजाब में अब 50 हजार से अधिक कैश एक व्यक्ति से बरामद होने पर उसे जब्त करने की बात कही। वीके सिंह ने कहा कि प्रदेश में पहली बार आर्मी के लिए इलेक्ट्रॉनिक पोस्टल बैलेट का प्रयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2017 को लेकर सुरक्षा के समुचित इंतजाम कर लिए गए हैं और सुरक्षा को लेकर अधिकतर कंपनियां पंजाब पहुंच चुकी है। उन्होंने 9 जनवरी तक वोटर लिस्ट में बदलाव या नए वोट जुड़वाने का समय होने की बात भी कही।
[@ Exclusive:10 साल से बेडिय़ों में जकड़ी है झुंझुनूं की जीवणी]