आगरा। समाजवादी पार्टी की कलह ने आगरा जिले की सपा राजनीति पर मानों ब्रेक लगा दिए हैं। यहां विभिन्न सीटों से सपा प्रत्याशी पसोपेश में हैं। समाजवादी पार्टी की पारिवारिक कलह से टिकटों के नए दावेदार सामने आना शुरू हो गए हैं और सपा में जमे रहने के लिए एक-दूसरे की काट की शतरंजी चालें भी चलना शुरू हो गई हैं जिसके चलते संगठन में बदलाव के संकेत दिखाई देने लगे हैं। इसके साथ ही सपा से आगरा की नौ विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि अगर पार्टी में घमासान इसी तरह चलता रहा, तो आगरा में पिछले कई सालों से सपा के लिए काम कर रहे पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी किसी अन्य दल का दामन थाम सकते हैं। पूर्व में भी सपा में घमासान के चलते कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। वहीं कुछ कार्यकर्ता अभी भी असमंजस की स्थिति में हैं क्योंकि उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि वह दो खेमों में बंट चुकी सपा में किसका दामन थामें।
राजनीतिक विशेषज्ञों की माने तो पार्टी स्थानीय स्तर पर भी टूटने के कगार पर है। आगरा में भी पार्टी दो खेमों में बंट चुकी है। हालांकि अभी कोई खुलकर सामने नहीं आ रहा है क्योंकि उन्हें डर है कि अगर किसी दूसरे खेमे का पलड़ा भारी हो गया, तो आने वाले समय में उन्हें राजनैतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।