पर्यटन स्थल नारकण्डा में हिमपात से सैलानी चहके

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 01 जनवरी 2017, 5:12 PM (IST)

शिमला। हिमाचल पहुंचे सैलानियों को आज कुदरत ने नव वर्ष पर बर्फबारी का तोहफा दिया है। नव वर्ष के पहले दिन रविवार को शिमला से सटे पर्यटक स्थल नारकण्डा में ताजा हिमपात हुआ। दोपहर बाद नारकण्डा में अचानक बर्फ गिरनी शुरू हो गई थी तथा इसका पता चलते ही सैलानी नारकण्डा की तरफ रूख करना शुरू हो गए। इस वजह से हिन्दुस्तान-तिब्बत नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इधर शिमला में सुबह से मौसम साफ था और धूप खिल रही थी लेकिन दोपहर बाद मौसम अचानक खराब हो गया और आसमान बादलों से घिर गया।
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि शिमला जिले के उपरी क्षेत्रों में हल्का हिमपात हुआ है तथा रात के समय और अधिक बर्फ गिर सकती है। उन्होंने कहा कि कुल्लू, किन्नौर और लाहोल स्पीति जिलों के कुछ भागों में भी ताजा हिमपात हुआ है। मनमोहन सिंह ने बताया कि कल मौसम के साफ रहने की संभावना है जबकि 3 जनवरी से बर्फबारी का सिलसिला एक बार फिर शुरू हो सकता है।

[@ साल 2016 में गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च हुए टाॅप 10 टाॅपिक्स]