निष्कासन वापसी पर कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर, बांटी मिठाइयां

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 01 जनवरी 2017, 12:05 PM (IST)

कानपुर। राजधानी लखनऊ में दो दिन से चल रही समाजवादी पार्टी में उलटफेर के बीच जैसे ही मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का निष्कासन रद्द होने की खबर मिली, पदाधिकारी व कार्यकर्ता जश्न में डूब गए। शिक्षक पार्क में इकठ्ठा सपा कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर जमकर आतिशबाजी की और पार्टी के समर्थन में नारे लगाए।
सपा सुप्रिमो मुलायम सिंह यादव ने जैसे ही मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और पार्टी महासचिव राम गोपाल यादव का निष्कासन वापस लिया, सुबह से सन्नाटे में पसरे पार्टी कार्यालय में रौनक लौट आई। पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को हुजूम कार्यालय पहुंचने लगा और कुछ ही पलों में माहौल खुशनुमा हो गया। सपा कार्यकर्ताओं में ऐसे खुशी दिखी जैसे मानो उन्हें कोई खजाना मिल गया हो। उत्साहित सपाईयों ने शिक्षक पार्क में शानदार आतिशबाजी कर, मिठाई बांटी और नेताजी व मुख्यमंत्री जिन्दाबाद के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान संकल्प लिया कि 2017 में एक बार फिर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएंगे।

[@ यहां था पैदा होते ही बेटी को मार देने का रिवाज, अब बेटी ने ही किया नाम रोशन]

इस दौरान महेन्द्र यादव, विनोद प्रजापति, उपेन्द्र यादव, राजू अवस्थी, कीर्ति अग्निहोत्री सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहें। इसी तरह से नयागंज में सपा व्यापार सभा द्वारा भी एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया गया।

[@ खास खबर Inside Story: सपा का एक विधायक ऐसा भी..]