नोटबंदी के खिलाफ कांग्रेस का अभियान, राज्यस्तर पर बनाई कमेटी

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 30 दिसम्बर 2016, 10:15 AM (IST)

जयपुर। कांग्रेस अब भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर अभियान चलाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने बताया कि 26 दिसम्बर को पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिवों की संयुक्त बैठक में निर्देश दिए थे कि नोट बंदी सहित भाजपा सरकार की अन्य जनविरोधी नीतियों को उजागर करने और आर्थिक तालाबंदी से मुक्त कराने के लिए व्यापक अभियान चलाएं। उसी के तहत राज्य स्तर पर एक कमेटी का गठन किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी गुरुदास कामत के संयोजन में एक राज्य स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्वेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. बी. डी. कल्ला, डॉ. चन्द्रभान, उप नेता प्रतिपक्ष रमेश मीणा, गोपालसिंह शेखावत, मास्टर भंवरलाल मेघवाल और पूर्व मंत्री एमादुद्दीन अहमद खान दुर्रू मियां को शामिल किया गया है। कमेटी की बैठक 5 जनवरी 2017 को दोपहर 2 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर होगी। इसके बाद 5 जनवरी को ही दोपहर 3 बजे प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी व पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, विधायकों एवं विभागों के प्रदेशाध्यक्षों की संयुक्त बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट की अध्यक्षता में होगी। इन बैठकों में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी गुरुदास कामत भी उपस्थित रहेंगे।

[@ खास खबर Inside Story: सपा का एक विधायक ऐसा भी..]