किसानों में Suicide बना फैशन:BJPसांसद

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 18 फ़रवरी 2016, 1:08 PM (IST)

मुंबई। भाजपा के सांसद गोपाल शेट्टी ने किसानों की आत्महत्या के मुद्दे पर बेहद शर्मनाक बयान दिया है। गोपाल शेट्टी ने कहा कि किसानों का आत्महत्या करना एक फैशन बन गया है। यह टिप्पणी ऎसे समय पर आई है कि जब कृषि संकट से जूझ रहे महाराष्ट्र में इस साल जनवरी से अब तक 124 किसान आत्महत्या कर चुके हैं। बोरीवली में आयोजित एक समारोह में उत्तर मुंबई का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद शेट्टी ने कहा, सब किसानों की आत्महत्या बेरोजगारी और भुखमरी के कारण नहीं होती। एक फैशन सा चल निकला है। यह एक चलन हो गया है।

शेट्टी ने कहा, यदि महाराष्ट्र सरकार मुआवजे के रूप में पांच लाख रूपए दे रही है तो पडोसी राज्य में कोई दूसरी सरकार सात लाख दे रही है।
पहली बार सांसद बने शेट्टी ने कहा, किसानों को मुआवजे में धन देने के लिए इन लोगों के बीच हो़ड लगी हुई है। सांसद की टिप्पणियों की निंदा करते हुए कांग्रेस ने कहा कि शेट्टी की असंवेदनशील टिप्पणी किसानों के प्रति भाजपा की असंवेदनशीलता को दर्शाती है। एमआरसीसी के अध्यक्ष संजय निरूपम ने कहा कि ऎसे समय में जब महाराष्ट्र अब तक के सबसे बुरे कृषि संकट से गुजर रहा है, ऎसे में शेट्टी की टिप्पणी दिखाती है कि वह और उनका दल उन हजारों किसानों के प्रति कितने असंवेदनशील हैं, जिन्होंने ऋण और फसल की बर्बादी के कारण आत्महत्या कर ली है। ज्ञात हो कि राज्य सरकार ने दो दिन पहले ही बंबई उच्च न्यायालय को बताया था कि इस साल जनवरी से अब तक 124 किसान आत्महत्या कर चुके हैं।