ऊना। चिन्तपूर्णी बस स्टैंड स्थित कार पार्किंग से ड्राईवर को नशीला पदार्थ खिला कर स्कॉर्पियो गाड़ी चुरा लेने का मामला प्रकाश में आया है। ड्राईवर के साथ आये सवारी के रूप में व्यक्ति द्वारा ही गाड़ी चोरी किए जाना बताया जा रहा है। पार्किंग के निकट एक होटल में उक्त व्यक्ति ने कमरा किराए पर लिया तो अपना पहचान पत्र न देकर ड्राईवर का ही पहचान पत्र दिला दिया। रात 9 बजे के करीब वह ढाबे से 2 कप चाय लेकर आया और उस चाय में ही कोई नशीला पदार्थ ड्राईवर को खिला कर बेहोश हुए ड्राईवर के जेब से मोबाइल, पर्स व गाडी की चाबी लेकर रफू-चक्कर हो गया।
रात 11 बजे के आसपास जब होटल मालिक चेकिंग के दौरान आया तो उसने ड्राईवर हरजीत सिंह निवासी लुधियाना के कमरे का दरबाजा खुला पाया व खुराटे लेते देख होटल मालिक को शक हुआ। उसने ड्राईवर के मुंह पर पानी छिड़का लेकिन बेहोशी की हालत में पड़े ड्राईवर को सुध न आई तो उसे तुरन्त चिन्तपूर्णी अस्पताल पहुंचाया गया। होश आने पर ड्राईवर ने जेब से गाड़ी की चाबी, मोबाइल व पर्स गायब पाया। गाड़ी के मालिक गुरचरण सिंह ने बताया कि लुधियाना के एक परिचित व्यक्ति द्वारा गाड़ी बुक करवाई गई थी, जिसे पकड़ कर लुधियाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
अस्पताल में तैनात डा. दिनेश शर्मा ने बताया कि ड्राईवर नशीले पदार्थ से बेहोश किया गया था जिसे उपचार के लिए यहां लाया गया था। डीएसपी देहरा रेनू शर्मा ने बताया कि ड्राईवर व उक्त व्यक्ति कमरा लेने से पहले अपने आप को भाई-भाई बता रहे थे ऐसे में मामले को लेकर पुलिस छानबीन कर रही है।