नोटबंदी का निर्णय न कालेधन और न ही भ्रष्टाचार के खिलाफ:राहुल

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 26 दिसम्बर 2016, 3:32 PM (IST)

बारां। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने यहां केन्द्र की मोदी सरकार और राज्य की वसुंधरा सरकार पर निशाना साधते हुए दोनों को किसान, दलित, महिला और आम लोग विरोधी करार दिया। गांधी यहां सोमवार को जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। राहुल गांधी ने केन्द्र की नोटबंदी और कैशलेस योजना पर भी जमकर प्रहार किए।

राहुल ने कहा कि मोदी ने नोटबंदी से देश के गरीबों पर प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भारत से भ्रष्टाचार मिटाना चाहती है। अगर, एनडीए की सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई निर्णय या कानून बनाया होता तो कांग्रेस उसका समर्थन करती। मोदी का नोटबंदी का निर्णय न तो कालेधन और न ही भ्रष्टाचार के खिलाफ है। मोदी सरकार का यह निर्णय देश के गरीबों, मजदूरों और महिलाओं के खिलाफ है।

राहुल ने कहा कि ढाई साल के कार्यकाल में एनडीए की सरकार व तीन साल में राजस्थान की वसुंधरा सरकार ने गरीबों के लिए कोई काम नहीं किया। राहुल ने कहा कि देश के किसानों ने मोदी सरकार से तीन चीज मांगी हैं कि उनका कर्ज माफ हो, बिजली सस्ती हो और पैदावार का सही दाम मिले। लेकिन किसानों की ये तीनों ही मांगें पूरी नहीं हो रही हैं। देश और राजस्थान में रोज किसान आत्महत्या कर रहे हैं। उनकी एक भी मांग सरकार ने पूरी नहीं की है।

राहुल ने कहा कि भाजपा शासित प्रदेशों राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में आदिवासियों से जल, जंगल जमीन छीना जा रहा है। विरोध करने पर वहां सरकार गोली मार रही है। राहुल ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी ने लोकसभा में कहा कि देश के मजदूर गड्ढा खोदते हैं। इसका जवाब देते हुए राहुल ने कहा कि हिंदुस्तान का मजदूर गड्ढा नहीं खोदता वह देश को बनाता है।

मोदी ने भारत को बांटा

[@ ताजमहल में धक-धक गर्ल को देख लोगों ने बजाईं सीटियां, SEE PIC]

राहुल ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि ढाई साल के कार्यकाल में मोदी ने भारत को दो भागों में बांटा है। एक तरह देश के 99 प्रतिशत लोग हैं, वहीं दूसरी तरफ एक प्रतिशत लोग है जिनके हाथों में देश का 60 प्रतिशत धन है। ये एक प्रतिशत लोग मोदी के साथ हवाई जहाज में उड़ते हैं। देश-विदेश की यात्रा करते हैं। मोदी इनको देश-विदेश में कॉन्ट्रेक्ट दिलाते हैं।

राजस्थान सरकार पर भी बरसे

[@ एक दुल्हन ने क्यों की 11 शादियां...जानिए पूरी खबर]

राहुल प्रदेश की वसुंधरा सरकार पर भी जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में आदिवासियों, महिलाओं और दलितों के खिलाफ सबसे ज्यादा अत्याचार हुए हैं। यहां सरकार सडक़, बिजली, चिकित्सा, शिक्षा जैसी बुनियादी जरूरतों को भी प्राइवेटाइज कर रही है। यहां सरकार ने बिजली के दाम बढ़ाए हैं। आदिवासियों की जमीन छीन कर वसुंधरा सरकार ने एक ही दिन में 650 माइन एक दिन में दे दीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली और राजस्थान दोनों जगह सूटबूट की सरकार है।

सारा कालाधन कैश में नहीं

[@ वर्ष 2016 की वे खबरें जो बनी पूरे विश्व में चर्चा का विषय ]

राहुल ने कालेधन पर चुटकी लेते हुए कहा कि देश का सारा कालेधन कैश में नहीं है। जो कैश 99 प्रतिशत देशवासियों के पास वह सफेद है। वह ईमानदारी का पैसा है। उन्होंने कहा कि देश में सिर्फ एक प्रतिशत लोगों के पास लाखों करोड़ों रुपए का कालाधन है। राहुल ने कहा कि भारत के चोर सबसे होशियार हैं। ये चोर अपना कालाधन कैश में नहीं रखते बल्कि, रियल स्टेट, स्विस बैंक और सोने में रखते हैं। सिर्फ 6 प्रतिशत कालाधन कैश के रूप में है। शेष जमीन, सोने और स्विस बैंक में है। राहुल ने सवाल उठाया कि मोदी ने अपना निशाना 99 प्रतिशत लोगों पर क्यों लगाया।

ये नेता भी बोले
[@ ताजमहल में धक-धक गर्ल को देख लोगों ने बजाईं सीटियां, SEE PIC]

सभा को राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मंत्री शान्ति धारीवाल, भरतसिंह, प्रमोद जैन भाया, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी गुरुदास कामत आदि नेताओं ने भी सम्बोधित किया।
Exclusive- दंगल से जगा हरियाणा में उम्मीदों का मंगल