प्रदेश में 4.48 लाख बेरोजगार पंजीकृत

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 22 दिसम्बर 2016, 8:51 PM (IST)

धर्मशाला। प्रदेश भर के रोजगार कार्यालयों में 4.48 लाख से अधिक बेरोजगार युवा पंजीकृत हैं, जिनमें से जमा दो पास बेरोजगारों का आंकड़ा सबसे अधिक है। प्रदेश में 1606 स्नातक दिव्यांगों ने भी रोजगार कार्यालयों में पंजीकरण करवाया है। यह जानकारी झंडूता के विधायक रिखी राम कौंडल के सवाल के लिखित जवाब के रूप में उद्योग मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने सदन को दी। रिखी राम कौंडल ने बेरोजगारी भत्ता संबंधी प्रश्न पूछा था, जिस पर उद्योग मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने सदन को लिखित रूप में जानकारी दी कि प्रदेश सरकार की योजना के तहत बेरोजगारों को कौशल विकास भत्ता प्रदान किया जाता है।
उद्योग मंत्री ने जानकारी दी कि 1 जनवरी 2013 से 31 अक्तूबर 2016 तक प्रदेश में योजना के तहत 104 करोड़ 40 लाख 25 हजार 854 रुपए दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर के रोजगार कार्यालयों में 4 लाख 48 हजार 855 बेरोजगार पंजीकृत हैं, जिनमें जमा दो पास पंजीकृत बेरोजगारों का आंकड़ा 3 लाख 35 हजार 72, स्नातक पंजीकृत बेरोजगारों का आंकड़ा 1 लाख 21 हजार 177 है। जबकि 1606 दिव्यांगों जो स्नातक कर चुके हैं, उन्होंने भी विभिन्न रोजगार कार्यालयों में अपना पंजीकरण करवाया है।[@ अनोखी शादी: दूल्हा और दूल्हन क्रिकेट खेलकर शादी के बंधन में बंधे]