जयपुर। हाईकोर्ट ने दिल्ली स्थित राजस्थान हाउस में ठहरे सांसद व विधायकों की ओर से बकाया राशि नहीं चुकाने के मामले में आदेश दिया है कि उनकी संपत्ति कुर्क कर ली जाए। इस संबंध में सरकार से एक माह में पालना रिपोर्ट भी पेश करने को कहा है। इसके साथ ही अदालत ने अलवर से पूर्व सांसद जितेन्द्र सिंह के पक्षकार बनने की गुहार वाले प्रार्थना पत्र को खारिज कर दिया। अदालत ने मामले की आगामी सुनवाई 23 जनवरी को तय की है। मामला 2004 से 2014 की अवधि में नई दिल्ली स्थित राजस्थान हाउस में ठहरे एमपी व एमएलए से जुड़ा है। न्यायाधीश के.एस. झवेरी व दिनेश मेहता की खंडपीठ ने यह अंतरिम निर्देश बुधवार को प्रोफेसर केबी अग्रवाल की जनहित याचिका पर दिया। सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता एन.एम. लोढ़ा ने कहा कि 26 जनप्रतिनिधियों पर बकाया राशि थी। इनमें से अब 6 जनों पर ही बकाया राशि है। सुनवाई के दौरान यह भी सामने आया था कि एक सांसद पर ही करीब 36 लाख रुपए बकाया हैं। अदालत ने इससे पहले 12 सितंबर को भी राज्य सरकार को बकाया किराया राशि तीन महीने में वसूल करने का निर्देश दिया था। इसके बाद सोमवार को भी टिप्पणी थी कि ऐसे नेताओं की संपत्ति अटैच कर ली जाए। याचिका में कहा था कि 2004 से 2014 के दौरान प्रदेश से निर्वाचित एमपी व एमएलए राजस्थान हाउस में ठहरे। लेकिन इनमें से कई एमपी व एमएलए ने बकाया किराए का भुगतान नहीं किया।
[@ अमेरिका के 911 की तर्ज पर बना डायल 100 कैसे काम करेगा...जानिए इसकी टेक्नोलॉजी]