कृष्णपाल गुर्जर और सीमा त्रिखा कर रहे हैं भाजपा और पंजाबी समुदाय को बर्बाद - भाटिया

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 21 दिसम्बर 2016, 6:07 PM (IST)

फरीदाबाद। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता जगदीश भााटिया ने केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर पर पार्टी में परिवारवाद के जरिए भाजपा को बर्बाद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह कहते हैं कि पार्टी में किसी भी नेता के पुत्र या पुत्री को भाजपा का टिकट नहीं दिया जाएगा। लेकिन दूसरी ओर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर की ओर से पार्टी नेताओं के इन आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि गुर्जर ने अपने पुत्र देवेंद्र चैधरी को जबरन वार्ड नंबर 27 से पार्षद पद का उम्मीदवार बना दिया। इससे साबित होता है कि पार्टी के कायदे कानून गुर्जर और उनके परिवार पर लागू नहीं होते। इस दौरान उन्होंने मुख्य संसदीय सचिव और बडखल विधायक सीमा त्रिखा पर भी आरोपों की बौछार की। भाटिया ने कहा कि एनआईटी के वार्ड नंबर 12 को सीमा त्रिखा ने अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित करवा लिया और पंजाबी समुदाय की जनसंख्या वाले वार्ड को एससी के लिए रिजर्व करवा लिया। उन्होंने कहा कि सीमा त्रिखा का असली मकसद रेणु भाटिया, दिनेश भाटिया और प्रवीण खत्री को चुनाव लड़ने से रोकना था। साथ ही उन्होंने सीमा त्रिखा पर वार्ड नंबर 11 के साथ भी धोखा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सीमा त्रिखा का एक ही मकसद है कि किसी भी तरह से पंजाबी प्रत्याशी औंधे मुंह गिर जाए। उन्होंने अब इस मामले को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के सामने भी उठाने की बात कही।

[@ अमेरिका के 911 की तर्ज पर बना डायल 100 कैसे काम करेगा...जानिए इसकी टेक्नोलॉजी]