शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन भी विपक्ष का जोरदार हंगामा

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 21 दिसम्बर 2016, 5:47 PM (IST)

धर्मशाला। तपोवन में चल रहे हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन बुधवार को लगातार दूसरी बार विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। विपक्षी दल भाजपा ने आज विधानसभा अध्यक्ष द्वारा सदन में पिछले कल के एजेंडे को आज फिर से लगाने पर सवाल किया और इसे संसदीय परंपराओं के खिलाफ बताया। जबकि विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल इसे उनके अधिकार क्षेत्र का मामला बताया। विपक्ष करीब 40 मिनट तक नारेबाजी करते हुए एजेंडे बदलने की मांग विधानसभा अध्यक्ष से करता रहा। जब अध्यक्ष ने विपक्ष की इस मांग को अस्वीकार कर प्रश्नकाल आरंभ कर दिया तो विपक्ष ने विधानसभा अध्यक्ष के आसन के पास जोर शोर से नारेबाजी करनी शुरू कर दी।
विधानसभा अध्यक्ष बुटेल ने प्रश्नकाल विपक्ष के हंगामे के बीच ही चलाया और सभी कार्य भी हंगामे में ही निपटाए। इसके बाद सवा 12 बजे विधानसभा अध्यक्ष ने सदन को 15 मिनट के लिए स्थगित कर दिया। इससे पहले सुबह जैसे ही प्रश्नकाल आरंभ हुआ भाजपा विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर ने विधानसभा अध्यक्ष द्वारा पिछले कल के एजेंडे को आज फिर से लगाने का प्रश्न खड़ा किया। भाजपा ने अध्यक्ष से मांग की कि नोटबंदी पर नियम 130 के तहत बीते कल की चर्चा जो आज फिर से लगाई गई है उसे निरस्त किया जाए। भाजपा ने सदन में इस चर्चा को नियम 101 में लगाने को कहा ताकि सभी सदस्य इस चर्चा में भाग ले सकें।
भाजपा ने यह भी प्रश्न किया कि जब गैर सरकारी सदस्य संकल्प दिवस पर विधायक महेंद्र सिंह ने इस पर चर्चा मांगी और बेलेट के माध्यम से उन्हें यह चर्चा मिली है। तो फिर नोटबंदी पर इस चर्चा को शब्दों में हेरफेर कर कैसे सता पक्ष के सदस्यों की ओर से लगाया जा सकता है। सदन में नेता विपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल से कल का एजेंडा आज लगाने पर आपति जताई। धूमल ने कहा कि ऐसा लगता है कि सता पक्ष खुद ही सदन को नहीं चलाना चाहता है। उन्होंने प्रश्न किया कि विधानसभा अध्यक्ष को क्या कुर्सी नियमों तो तोडऩे के लिए दी गई है। जिस पर विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल ने कहा कि वे नियमों को संशोधित करने का अधिकार रखते हैं और वह ऐसा कर सकते हैं।
संसदीय कार्य मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रश्नकाल सबसे अधिक महत्वपूर्ण होता है और यह चलना चाहिए। उन्होंने विपक्षी सदस्यों से विधानसभा अध्यक्ष के आसन को घेरकर नारेबाजी न करने का भी आग्रह किया।

[@ 90 की उम्र फिर भी आंख से तिनका निकाल लेते भगत राम]