कन्नौर के जनजातीय दलितों को भी मिलेगा अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 21 दिसम्बर 2016, 12:58 PM (IST)

कुल्लू। अब लाहुल स्पीति की तर्ज पर प्रदेश जनजातीय जिला किन्नौर में रहने वाले अनुसूचित जाति के लोगों को भी उनकी जाति का प्रमाण पत्र मिलेगा। जिससे वह जनजातीय व अनुसूचित जाति दोनों प्रमाण पत्रों का लाभ उठा सकेंगे। जबकि इससे पूर्व किन्नौर जिला में रहने वाले अनुसूचित जाति के लोगों को केवल जनजातीय प्रमाण पत्र ही जारी किया जाता था। जनजातीय दलित संघ के अध्यक्ष लालचंद के प्रयासों से किन्नौर जिला के दलितों को अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र मिलना शुरू हो गया है।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश में जनजातीय घोषित इलाकों में रहने वाले अनुसूचित जाति के लोगों को पूर्व में केवल जनजातीय होने का ही प्रमाण पत्र दिया जाता था, जिसके कारण वह लोग सही मायनों में सरकार द्वारा उनके लिये चलाई गई योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते थे लेकिन 2003 में केंद्र सरकार की अधिसूचना के बाद उनको अल्पसंख्यक का प्रमाण पत्र मिलना शुरू हो गया है।
इन इलाकों में रहने वाले अनुसूचित जाति के लोगों को प्रमाण पत्र जारी करने वाले अधिकारी केवल एक ही जनजातीय प्रमाण पत्र मिलने का हवाला देकर उनके अधिकारों से खिलवाड़ करते रहे। जबकि ऐसा कहीं भी कोई उल्लेख नहीं है कि जनजातीय इलाकों में रहने वाले अजा के लोगों को उनकी जाति का प्रमाण पत्र नहीं दिया जा सकता है।

[@ ड्रग तस्करों से मिली जाली करेंसी, जानिए कहां से आ रहें है नकली नोट]