फोन कर महिलाओं को परेशान करने वालों पर कार्रवाई, पुलिस ने 300 फोन नंबर बंद किए

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 21 दिसम्बर 2016, 11:11 AM (IST)

आगरा। छेड़छाड़ को लेकर बढ़ रही लगातार घटनाओं को रोकने के लिए आगरा पुलिस ने बढ़ा कदम उठाया है। वूमेन हेल्प लाइन 1090 पर की जा रही शिकयातों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने मनचलों के मोबाइल नंबर बंद करने शुरू कर दिए हैं। यही कारण है कि आगरा में छेड़खानी करने वाले 300 मनचलों के मोबाइल नंबरों को पुलिस ने बंद कर दिया है।
मनचलों के परेशान करने पर वूमेन हेल्प लाइन 1090 पर शिकायत की जा सकती है। इस शिकायत पर पुलिस कार्रवाई करते हुए मोबाइल नंबर बंद कर रही है। पुलिस की ठोस कार्रवाई का ही नतीजा है कि मनचलों को जेल भी पहुंचाए जाना का काम शुरू किया जा चुका है। एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह का कहना है कि 1090 पर करीब 300 शिकायतें मोबाइल पर तंग करने की पहुंची थीं। अधिकतर पीड़िताएं ऐसी थीं, जिन्हें लोकलाज का डर था।
कुछ थाने जाने से भी डर रही थीं। इसके बाद भी यह पीड़िताएं मनचलों को सबक सिखाने का मन बना रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लिया गया। सभी के नंबर बंद करा दिए गए। इसके बाद भी कुछ मनचलों ने नए नंबर से फोन किया, इस पर उन्हें जेल भेज दिया गया। न्यू आगरा की रहने वाली एमबीए की छात्रा ने 1090 पर शिकायत की थी। बताया था कि कोई मनचले उसे परेशान कर रहा है। उसकी फेसबुक आईडी भी बना दी है। बदनाम कर रहा है। मामले की जांच साइबर सेल में चल रही है।
[@ क्या ये ड्यूटी भी बन सकती है मौत का कारण, जानकार हैरान रह गए सभी]