एटीएम खाली , परेशान छात्र

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 18 दिसम्बर 2016, 6:22 PM (IST)

नेरचौक(मंडी)। नोटबंदी के चलते आम जनता के साथ-साथ दूसरे राज्यों से पढने आये विद्यार्थी भी परेशानियां झेलने को मजबूर हो गये हैं। रविवार को नेरचौक बाजार में सभी एटीएम खाली पड़े होने से निजी संस्थानों में पढ रहे विद्यार्थियों को पैसों को लेकर किल्लत का सामना करना पडा। विद्यार्थियों का कहना है कि नोटबंदी के चलते एटीएम खाली होने से पैसे तक नहीं निकल पा रहे हैं। वहीं बैंकों में लम्बी कतारों में खड़े होने से पढाई का समय भी बर्बाद हो रहा है।
जहां एक ओर मकान मालिक नकद किराया मांग रहे हैं, वहीं दूसरी ओर खाद्य सामग्री खरीदने में भी दुकानदार नकद भुगतान करने को कहते हैं। जिससे खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंजना गुरंग, लियोन रे, सारकी, चिपौंग लामा आदि ने बताया कि रविवार को जब वे अपने घर जाने के लिए पैसे निकालने विभिन्न बैंकों के एटीएम में गये तो सब जगह निराशा ही हाथ लगी। तभी पीएनबी शाखा के साथ लगती साईं कॉम्यूनिकेशन मोबाईल दुकान के मालिक अनीता वर्मा ने इन बच्चों की मजबूरी देखते हुए एटीएम कार्ड स्वाईप कर उन्हें कैश दिया। तब कहीं जाकर सिक्किम अपने घर के लिए रवाना हो सके।

[@ नए नोटों के बारे में जानें अहम बातें, नोटबंदी से आपकी चिंता हो जायेगी दूर]