मुख्यमंत्री ने झालावाड़ को दी 95 करोड़ रुपए की सौगातें

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 16 दिसम्बर 2016, 7:27 PM (IST)

जयपुर/झालावाड़। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने झालावाड़ जिले को करीब 95 करोड़ रुपए की सौगातें दी हैं। उन्होंने शुक्रवार को झालावाड़ में 14.67 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया तथा राष्ट्रीय राजमार्ग 12 के फोरलेन कार्य के लिए 80.69 करोड़ रुपए की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने झालावाड़ जिले को प्रदेश में विकास के मॉडल के रूप में प्रस्तुत करने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि आधारभूत एवं जन सुविधाओं के विकास में कोई कमी नहीं रहेगी। शहर के ऐतिहासिक गढ़ गणेश मंदिर से उन्होंने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि विकास कार्यों को समय पर पूरा करवाते हुए प्रदेश के विकास में झालावाड़ को अग्रिम पंक्ति में खड़ा किया जाएगा।

इन कार्यों की घोषणा

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने झालावाड़ के मध्य से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग 12 के फोरलेन सीसी सडक़ सहित 6 कार्यों के लिए 80.69 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की। इस प्रोजेक्ट में 4.2 किमी फोरलेन सीसी सडक़ बनाई जाएगी तथा 1.5 मीटर में नाली एवं फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा। वहीं 1.5 मीटर में मिडियन में लोहे की रेलिंग आदि का कार्य, राजेन्द्र सार्वजनिक चिकित्सालय के सामने फुटओवर ब्रिज में एस्केलेटर, बस शेल्टर तथा स्ट्रीट लाइटिंग का कार्य किया जाएगा। उन्होंने 1.10 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले सुभाष सर्किल से मेगा हाईवे खानपुर लिंक रोड निर्माण तथा 62 लाख की लागत से काली सिंध मुक्तिधाम तक सीसी सडक़ निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने निर्भय सिंह सर्किल के पास से सुभाष सर्किल तक 90 लाख रुपए एवं गढ़ गेट से मामा भांजा चौराहा तक 1.35 करोड़ की लागत से सीसी सडक़, एलआईसी ऑफिस से पोलिटेक्निक कॉलेज रोड तक 2.5 करोड़ की लागत से मय नाली सडक़, खानपुर मेगा हाईवे वाया बालाजी की छतरी रोड तक 2.8 करोड़ की लागत की सडक़ तथा मामा भांजा चौराहे से गागरोन तक सडक़ चौड़ाईकरण एवं सुदृढ़ीकरण के 5.40 करोड़ की सडक़ों का शिलान्यास किया। उन्होंने हीराकुंवर बा महिला चिकित्सालय के नवनिर्मित जननी सुरक्षा वार्ड तथा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो चौकी के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया।

छात्राओं को किया प्रेरित

मुख्यमंत्री जब मंगलपुरा पहुंचीं तो राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं को देखकर अनायास ही रुक गईं और उनके बीच जाकर पढ़ाई के बारे में जानकारी ली तथा शिक्षिकाओं एवं छात्राओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा लेकर झालावाड़ का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

तीन पीढिय़ों से रिश्ता

मुख्यमंत्री ने झालावाड़ की जनता से तीन पीढिय़ों का रिश्ता बताते हुए कहा कि पिछले 27 वर्षों से निरंतर उन्हें झालावाड़ वासियों का प्यार मिल रहा है। जब शुरुआत में झालावाड़ के लोगों से मिलीं, तबसे लेकर आज तक उनकी तीसरी पीढिय़ां युवा वर्ग के रूप में सामने हैं।

इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री यूनुस खान, सांसद दुष्यन्त सिंह, संसदीय सचिव नरेन्द्र नागर, राज्य जन अभाव अभियोग निराकरण समिति अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार, जिला प्रमुख टीना कुमारी भील, विधायक कंवरलाल मीणा, रामचंद्र सुनारीवाल, जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी, जिला पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

[@ चाचा भतीजे की लड़ाई में किसी को टिकट,किसी को मंत्री पद]