24 को धर्मशाला में कांग्रेस की रैली, राहुल करेंगे सम्बोधित

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 16 दिसम्बर 2016, 6:41 PM (IST)

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यकारिणी की बैठक कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में सम्पन हुई जिसमें हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, जिला तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, ब्लॉक पर्यवेक्षक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जिला समन्वयकों ने भाग लिया। बैठक में हिमाचल प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर 24 दिसम्बर को आयोजित किये जा रहे समारोह को सफल बनाने तथा आगामी विधानसभा चुनावों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में जिला तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की विगत तीन माह की गतिविधियों की समीक्षा की गई और बूथ कमटियों के गठन पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रारम्भ किये गये पंचायत एक विकास अनेक कार्यक्रम पर भी चर्चा की गई। बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में 24 दिसम्बर को धर्मशाला में प्रदेश सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियों को जन-जन तक पंहुचाने के लिए रैली का आयोजन किया जा रहा है, जिसे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी सम्बोधित करेंगे।
उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों, जिला तथा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को इस आयोजन को सफल बनाने के निर्देश देते हुये कहा कि वे अपने-अपने ब्लॉक से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में पंहुचाने की व्यवस्था करें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार तथा मोदी सरकार की जनविरोधी कार्यशैली को उजागर करने के लिए हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पंचायत एक विकास अनेक कार्यक्रम शुरु किया है जिसमें पदयात्राओं के माध्यम से जनता तक संदेश पंहुचाया जा रहा है।
सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुये सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां, बूथ कमेटियों का पुर्नगठन करें। केन्द सरकार द्वारा नोटबन्दी के फैसले पर उन्होंने कहा कि सरकार ने नोटबंदी का फैसला लेने से पहले आम आदमी की सुविधाओं को परी तरह नजरअंदाज किया। आज देश का गरीब अपनी दिनचर्या चलाने के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है।
बैठक को सम्बोधित करते हुए मुख्यमन्त्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विकास में कांग्रेस पार्टी का बहुत बड़ा योगदान है। कांग्रेस पार्टी की नीतियों एवं नेतृत्व की वजह से आज हिमाचल प्रदेश विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में से एक है। प्रदेश सरकार ने इस चार साल के कार्यकाल में हर क्षेत्र में चंहुमुखी विकास किया है, हजारों की संख्या में रोजगार दिये हैं। मुख्यमन्त्री ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि कार्यकर्ता भाजपा के झूठे प्रचार का मुहंतोड जवाब दें।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमटी के उपाध्यक्ष चन्द्र कुमार, गंगू राम मुसाफिर, रंगीला राम राव, टेक चन्द डोगरा, केहर सिंह खाची, पूर्ण चन्द ठाकुर, महासचिव हरभजन सिंह भज्जी, राम लाल ठाकुर, हर्षवर्धन चैहान, रवि ठाकुर, नरेश चैहान, विनोद सुल्तानपुरी, सुन्दर ठाकुर, संजय अवस्थी, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र चौहान, कार्यकारिणी के सदस्यों सहित जिला कांग्रेस अध्यक्षों, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों एवं ब्लॉक पर्यवेक्षकों ने भी अपने विचार व्यक्त किये।

[@ खासखबर EXCLUSIVE: यूपी इलेक्शन में क्या गुल खिलाएगा डिजिटल वॉर ?]