आप नेता मयंक गांधी पर केस दर्ज

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 21 सितम्बर 2014, 11:02 AM (IST)

मुंबई। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मयंक गांधी समेत छह लोगों के खिलाफ पार्टी की 21 वर्षीय महिला कार्यकर्ता को यौन उत्पीडन के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। इस कार्यकर्ता ने ओशिवारा पुलिस थाने में इस आशय की शिकायत दर्ज कराई है।

ओशिवारा थाने के एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि आप कार्यकर्ता तरूण सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 (ए), धारा 506, धारा 509 के तहत मामला दर्ज किया गया जबकि गांधी और चार अन्य के खिलाफ अपराध के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मिलिंद भराम्बे ने कहा, कथित घटना इस वर्ष अप्रैल माह में लोकसभा चुनाव से पहले ओशिवारा उपनगर की है। उन्होंने कहा, पीडिता के बयान के आधार पर शनिवार को एफआईआर दर्ज की गई है। गांधी ने हालांकि इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह राजनीति से प्रेरित है।