एसडी स्कूल ग्राउंड में मनाया विजय दिवस

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 16 दिसम्बर 2016, 11:59 AM (IST)

ऊना। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रत्येक वर्ष 16 दिसम्बर को विजय दिवस की स्मृति में देशभर में शाखाओं पर दण्ड प्रहार यज्ञ का आयोजन करता है। वर्ष 1971 में हुए भारत-पाक युद्ध में पाकिस्तानी सेना पराजित हुई और 16 दिसंबर 1971 को ढाका में 93000 पाकिस्तानी सैनिकों ने आत्म समर्पण कर दिया। इस युद्ध के 12 दिनों में अनेक भारतीय जवान शहीद हुए और हजारों घायल हो गए। पाक सेना का नेतृत्व कर रहे ले. जनरल एके नियाजी ने अपने 93 हजार सैनिकों के साथ भारतीय सेना के कमांडर ले. जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा के सामने आत्मसमर्पण कर हार स्वीकार की थी।
उस समय जनरल सैम मानेकशॉ भारतीय सेना के प्रमुख थे। इस जंग के बाद बांग्लादेश के रूप में विश्व मानचित्र पर नये देश का उदय हुआ। तक़रीबन 3,900 भारतीय जवान इस जंग में शहीद हुए और 9,851 जवान घायल हुए। एक समय था जब पाकिस्तान पर मिली इस जीत के दिन यानी 16 दिसंबर को देश भर में प्रभात फेरियां निकाली जाती थीं और जश्न का माहौल रहता था लेकिन आजकल ऐसा कुछ भी नहीं होता है। विजय दिवस को लेकर कहीं कोई उत्साह नहीं दिखता है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ऊना नगर द्वारा भी विजय दिवस की स्मृति में दंड प्रहार लगाये गए। एसडी स्कूल ग्राउंड में हुए इस कार्यक्रम में 32 स्वयंसेवकों ने 14781 दंड प्रहार लगाये। सर्वाधिक प्रहार शम्मी (1625) और डा. मुनीश (1473) ने लगाये। कार्यक्रम में जिला संघ चालक सुभाष वशिष्ठ, नगर संघ चालक राजेंद्र, अनिल भारद्वाज, डा. हेमराज, दीपक, विनय, नरेश, मुकेश साहनी, शिव कुमार, भूदेव, राकेश सूद, जितेंद्र सहित 32 स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
फ्लिपकार्ट कंपनी को लगाया पचास लाख का फटका