गठबंधन के लिए कांग्रेस ने सपा से मांगी 100 सीटें व डेप्युटी CM पोस्ट

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 16 दिसम्बर 2016, 11:05 AM (IST)

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी से गठबंधन करने के लिए 100 सीटें और उप-मुख्यमंत्री पद की मांग की है। ऐसी शर्तें रखकर वह खुद को चुनाव में मजबूत दावेदार दिखाना चाहती है। कांग्रेस नेताओं को लगता है कि मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले और उसके बाद लोगों को हो रही दिक्कत के चलते चुनाव का प्लॉट बदल गया है। उनके मुताबिक, भाजपा को इसका राज्य में नुकसान उठाना पड़ेगा। कांग्रेस का मानना है कि ऐसे में समाजवादी पार्टी और बसप के लिए वह कहीं ज्यादा प्रासंगिक हो गई है।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘मुलायम सिंह की पार्टी जानती है कि कांग्रेस को पार्टनर बनाने पर भाजपा के खिलाफ उसे यादव-मुस्लिम वोटरों को एकजुट करने में मदद मिलेगी। अगर बसपा हमारे साथ मिलकर चुनाव लड़ती है तो उसे भी दलित-मुस्लिम वोटरों को गोलबंद करने में मदद मिलेगी। हालांकि, अभी हम सिर्फ समाजवादी पार्टी से बात कर रहे हैं।’ पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि अगर कांग्रेस यूपी में अकेले चुनाव लड़ती है तो वह भले ही 100 सीटें ना जीते, लेकिन इससे समाजवादी पार्टी और बसपा का खेल बिगड़ सकता है। पार्टी इसे ‘बारगेनिंग पावर’ मान रही है।

बता दें कि राहुल गांधी के नेतृत्व में राज्य में कांग्रेस पार्टी को पुनर्जीवित करने की लंबे समय से चल रही कोशिशें सफल नहीं हो पाई है। ऐसे में पार्टी की प्रदेश इकाई को लग रहा है कि उसे उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराने के लिए जोर लगाना चाहिए इसलिए वह गठबंधन के लिए केंद्रीय नेतृत्व पर दबाव डाल रही है।
हाल ही में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा था कि कांग्रेस के साथ गठबंधन के बारे में मुलायम सिंह यादव फैसला करेंगे। हालांकि, सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश इकाई के नेताओं के साथ परदे के पीछे जो बातचीत चल रही है, मुलायम उसका हिस्सा हैं। दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस ने प्रशांत किशोर को पहले गठबंधन की बातचीत के लिए समाजवादी पार्टी के पास भेजा था।
9 नवंबर को मुलायम सिंह यादव ने कहा था कि उनकी पार्टी किसी के साथ गठबंधन के लिए बातचीत नहीं कर रही है। हालांकि, इकनॉमिक टाइम्स ने उस दिन खबर दी थी कि कांग्रेस के नेताओं ने उनकी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना पर बातचीत शुरू कर दी है। इस खबर में बताया गया था कि कांग्रेस 100 सीटों पर चुनाव लडऩा चाहती है। अभी समाजवादी पार्टी 300 सीटों पर चुनाव लडऩा चाहती है और बाकी की 100 सीटें कांग्रेस, अजित सिंह की रालोद और कुछ छोटी पार्टियों जैसे सहयोगी दलों को देना चाहती है।

[@ अखिलेश कैबिनेट ने लिए कई महत्वपूर्ण फैसले, पढ़े कौन से प्रस्ताव हुए मंजूर ]