सीएम ने किया करोड़ों की परियोजनाओं का शुभारंभ

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 15 दिसम्बर 2016, 11:43 PM (IST)

फतेहाबाद। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गुरुवार को फतेहाबाद को कई सौगातें दी। फतेहाबाद पहुंचे सीएम खट्टर ने जिले के लिए 150 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। जिसमें टोहाना और जाखल को सबसे अधिक मिला। वहीं फतेहाबाद को सिर्फ अस्पताल और बस स्टैंड की ही सौगात मिली। इस दौरान सीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार देश और प्रदेश के हर आम व्यक्ति की सरकार है। ये पूर्ववर्ती अन्य सरकारों की तरह नहीं है। जिनकी तरफ लोग मुंह ताकते रहते थे। लेकिन कुछ नहीं मिलता था। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के हर जिले में चहुंमुखी विकास हो रहा है और किसी तरह का भाई भतीजावाद की नीति नहीं अपनाई जा रही। उन्होंने प्रदेश में जल्द ही स्कूली बच्चों के लिए मिड डे मिल के तहत दूध देने की शुरुआत करने की बात कही। जिससे बच्चों को पौष्टिक आहार मिल सके। मुख्यमंत्री ने फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल को सेक्टर-9 में स्थापित कर इसे 100 बैड का बनाने की घोषणा की। इसके अलावा शहर स्थित उपमंडलाधीश निवास के स्थान पर 4 करोड़ रुपये की लागत से सभी बैंकों के लिए कॉम्पलैक्स बनाने, बीघड़ में 6 करोड़ रुपए की लागत से पीएचसी बनाने, 2 करोड़ रुपए की लागत से पंचकर्म और आयुर्वेद सेंटर बनाने, विकास घोषणाओं की झड़ी लगाते हुए मुख्यमंत्री ने शहर में सीवरेज सफाई के लिए 50 लाख रुपए कीमत की सुपर शक्कर मशीन उपलब्ध करवाने, किरढ़ान, बिजालाम्बा, बोदीवाली, मेहूवाला सहित 9 गांवों में व्यायामशाला और पार्क बनाने की घोषणा की। सीएम ने गोरखपुर गांव में नए वाटर वक्र्स बनाने, सुलीखेड़ा, ढाण्ड, जांडवाला बांगड, ढिंगसरा, दैयड़, दरियापुर, रामसरा, खजूरी जाटी, ढाणी ठोबा, स्वामी नगर, हरिपुरा, दौलतपुर में पीने के पानी की नई पाईप लाईन व्यवस्था करने के लिए साढ़े 6 करोड़ रुपए, नहरों के मरम्मत और अपग्रेडेशन के लिए 50 करोड़ रुपए देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भट्टू और भूना उप तहसील को तहसील बनाने की मांग पर गौर करते हुए इसे प्रदेश स्तर पर स्थापित की गई कमेटी के पास भेजने की घोषणा की। साथ ही सीएम ने विधानसभा क्षेत्र के 30 साल से पुराने 120 खालों को पक्का करने के लिए 12 करोड़ रुपए की राशि भी मंजूर की। मुख्यमंत्री ने गांव के विकास के लिए 10 करोड़ रुपये और शहर फतेहाबाद के लिए 5 करोड़ रुपये भी मंजूर किए। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 102 करोड़ रुपए की परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास, फतेहाबाद के लिए 19 करोड़ 2 लाख रुपए की लागत से बनने वाले नए बस अड्डे और जाखल में 2 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नए बस अड्डे की आधारशिला रखी। उन्होंने तलवाड़ा गांव में 10 करोड़ 45 लाख रुपए में बनने वाली आईटीआई, 4 करोड़ 61 लाख रुपए से बनने वाली राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखल मंडी की आधारशिला भी रखी। मुख्यमंत्री ने 18 करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से बने सरदार हरपाल सिंह राजकीय बहुतकनीकी जमालपुर शेखां, 23 करोड़ 12 लाख रुपए की लागत से टोहाना में बनी अतिरिक्त अनाज मंडी, 21 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से बनी फतेहाबाद की अतिरिक्त अनाज मंडी और 2 करोड़ 81 लाख रुपए की लागत से भोडियाखेड़ा खेल स्टेडियम में नवनिर्मित मल्टीपरपज हॉल का उद्घाटन भी किया।
खासखबर EXCLUSIVE: यूपी इलेक्शन में क्या गुल खिलाएगा डिजिटल वॉर ?