सरकार के झूठे वादों व आंकड़ों की वास्तविकता बताएंगी जिला कमेटियां

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 15 दिसम्बर 2016, 5:51 PM (IST)

जयपुर। प्रदेश की भाजपा सरकार के कुशासन व जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा 20 से 30 दिसंबर तक पैदल मार्च व प्रदर्शन किया जाएगा। इसके तहत सरकार के झूठे वादों व आंकड़ों की वास्तविकता से आमजन को अवगत कराया जाएगा।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने बताया कि 13 दिसंबर को भाजपा सरकार के कार्यकाल को तीन वर्ष पूरे हुए हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित भाजपा के सभी जनप्रतिनिधियों ने जनता को बरगलाने के उद्देश्य से हकीकत के विपरीत झूठे दावे व आंकड़े प्रस्तुत किए हैं। सच्चाई यह है कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र के साथ ही गत तीन वर्षों में जो वादे एवं घोषणाएं की थीं, उनका वास्तविकता से कोई सरोकार नहीं है। प्रदेश में महिला उत्पीडऩ बढऩे के साथ ही दलितों पर अत्याचार की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि मूलभूत सेवाओं सहित खाद्य पदार्थों की कीमतें आसमान छू रही हैं। सरकार ने विद्युत दरों में अप्रत्याशित बढ़ोती करने के साथ ही सेस, वैट लगाकर सभी सेवाओं व वस्तुओं को महंगा कर जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को भाजपाराज में संस्थागत किया गया है। सरकार की हर नीति एवं कार्यप्रणाली जनविरोधी है।

उन्होंने कहा कि सुराज का संकल्प लेकर शासन में आने वाली भाजपा ने कुशासन को बढ़ाकर प्रदेश में अराजकता फैलाई है। सरकार की संवेदीनहीनता को उजागर करने व जनता को भाजपा की कथनी व करनी के अंतर से अवगत कराने के लिए क्रमबद्ध तरीके से एक दिन में तीन जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम किए जाएंगे।

पांच दिन पहले बहन की मौत, अब इस हाल में मिला भाई का शव