खासी गरमाहट लिये होगा शीतकालीन सत्र

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 14 दिसम्बर 2016, 5:26 PM (IST)

शिमला। धर्मशाला में विधानसभा शीतकालीन सत्र इस बार खासी गरमाहट लिए होगा। कांग्रेस सरकार के इस कार्यकाल का यह आखिरी शीतकालीन सत्र 19 से 23 दिसंबर तक चलेगा और इसके अगले ही दिन सरकार के चार वर्ष भी पूरे हो जाएंगे। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही इस सत्र में जनता का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने की भरपूर कोशिश करेंगे। सदन के अंदर और बाहर दोनों ही जगह भारी हंगामे के आसार हैँ। इस शीतकालीन सत्र के लिए विधानसभा सचिवालय के पास 348 प्रश्न पहुंचे हैं। सत्र के दौरान कुल पांच बैठकें होनी हैं। कुछ बैठकें हमेशा की तरह विपक्ष के बायकाट की भेंट चढ़ जाएंगी। विधानसभा सचिवालय के पास पहुंचे कुल 348 प्रश्नों में से 242 तारांकित प्रश्न और 106 अतारांकित प्रश्न हैं। इसके अलावा सत्ता पक्ष व विपक्ष ने अहम मुद्दों पर चर्चा के लिए नियम- 324 और नियम-130 के तहत भी नोटिस दिए हैं। कांग्रेस सरकार के चार साल पूरे होने पर धर्मशाला में एक बड़ी रैली भी आयोजितकी जा रही है, जिसमें कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को भी निमंत्रण दिया गया। फरवरी– मार्च में कांग्रेस सरकार अपना आखिरी बजट पेश करेगी। प्रदेश में अगले साल नवंबर में विधानसभा के चुनाव होने हैं।
अजब गजबः 200 ग्राम का गेहूं का दाना