व्यंजन द्वादशी रविवार को , ठाकुर जी को लगेगा खीचड़े का भोग

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 10 दिसम्बर 2016, 7:24 PM (IST)

जयपुर। छोटी काशी में व्यंजन द्वादशी का पर्व रविवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के मंदिरों में ऋतु अनुरूप ठाकुरजी को भोग लगाया जाएगा व पोशाक धारण कराई जाएगी। गोविंददेवजी मंदिर में व्यंजन द्वादशी पर ठाकुरजी को विशेष सुनहरे पारचे की पोशाक धारण कराई जाएगी। मंदिर प्रवक्ता मानस गोस्वामी ने बताया कि महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में दोपहर 1 से 2 बजे तक व्यंजनों के साथ ठाकुरजी के समक्ष विशेष भोग की झांकी सजाई जाएगी। इसके साथ ही पारंपरिक चांदी की थाली व कटोरी में कच्चा भोग, दाल और खीर का भोग भी लगाया जाएगा। इस दिन दोपहर में राजभोग की झांकी नहीं होगी। अधिक ठंड के कारण ठाकुरजी को शयन के समय गुलीबंद व रजाई ओढ़ाना शुरू किया जाएगा।



जब रीता जोशी की गर्दन फंसी रथ में, पढिये फिर कैसे मचा हड़कंप और बची जान

चौड़ा रास्ता के राधा दामोदरजी मंदिर में भी सुबह ठाकुरजी का विशेष अभिषेक कर नूतन पोशाक धारण करवाई जाएगी। महंत मलय गोस्वामी ने बताया कि यहां शाम को विशेष झांकी सजाई जाएगी। पुरानी बस्ती के राधा गोपीनाथजी मंदिर में पर्व उल्लासपूर्वक मनाया जाएगा। पानों का दरीबा के सरस निकुंज में शुक संप्रदायाचार्य अलबेली माधुरीशरण महाराज के सान्निध्य में ठाकुरजी का मनमोहक शृंगार किया जाएगा। चांदनी चौक के आनंद कृष्ण बिहारी मंदिर में पंडित मातृ प्रसाद शर्मा के सान्निध्य ठाकुरजी को विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। गुनगुने पानी से अभिषेक कर लाल रंग की पोशाक और साफा धारण करवाया जाएगा । दोपहर बाद 3 से 8 बजे तक विशेष झांकी होगी।शाम को केसर का दूध व डबल रजाई ओढ़ाई जाएगी।
चांदनी चौक के ही बृजनिधिजी मंदिर में भी विशेष झांकी सजाई जाएगी। गलता गेट स्थित गीता गायत्री गणेश मंदिर मेें व्यंजन द्वादशी कई प्रकार भोग की झांकी सजाई जाएगी। मंदिर प्रवक्ता राजकुमार चतुर्वेदी ने बताया कि इस अवसर पर भगवान गणेश एवं माता गीता, श्याम प्रभू, मां दुर्गा का विभिन्न प्रकार के द्रव्यों से अभिषेक नूतन पोशाक धारण कराई जाएगी।
श्री राधा गोपीनाथ मित्र सेवा मंडल की ओर से व्यंजन द्वादशी पर रविवार को छप्पन भोग व झांकी का भव्य आयोजन होगा। मंडल के अध्यक्ष राहुल भारद्वाज ने बताया कि व्यंजन द्वादशी पर रविवार को भगवान की मनोहारी झांकी के साथ ही भजन संध्या का आयोजनकिया जाएगा। इस अवसर पर सुबह भगवान का अभिषेक पूजा के बाद सुगंधित पुष्पों से मनोहारी श्रंगार किया जाएगा। दोपहर 2 बजे से सायं 6 बजे तक मंदिर प्रांगण में भक्तों की ओर से भगवान के भजनों पर गायकों की मनभावक प्रस्तुति होगी। इसके बाद 3 बजे से 4 बजे तक छप्पन भोग झांकी दशर्न होंगे। सायं 6 बजे से 9 बजे तक प्रसादी का आयोजन होगा।
जब रीता जोशी की गर्दन फंसी रथ में, पढिये फिर कैसे मचा हड़कंप और बची जान