अमृतसर। स्कौडा जैसी आधुनिक प्रणाली से लैस होने का दावा करने वाला पावरकॉम लोगों को तारों के जंजाल से मुक्ति नहीं दिलवा पा रहा। शहर का शायद ही ऐसा कोई क्षेत्र होगा जहां अव्यवस्थित तारों का जाल न फैला हो। बीते मंगलवार को दशमेश नगर का हादसा इन्हीं उलझी तारों के कारण घटित हुआ। दशमेश नगर की गली नंबर 17 में बीती शाम एक ऑटो सात फुट ऊंचाई पर लटक रहीं तारों से उलझ गया। एक झटके से ही क्षेत्र की बिजली गुल हो गई और दीवारों में करंट दौड़ गया।
यह हादसा बहुत विकराल हो सकता था, यदि समय रहते लोग घरों से बाहर न निकलते। दरअसल, दशमेश नगर की दर्जन गलियों में 11000 केवी तारों के रूप में मौत लटक रही है, जो किसी भी क्षण जानलेवा साबित हो सकती है। बिल्ले वाला चौक, मोहकमपुरा, जज नगर, सुंदर नगर, पवन नगर, विजय नगर, कृष्णा नगर, चाली खूह के घर-घर के ऊपर से बिजली की तारें गुजर रही हैं, जिनकी ऊंचाई महज सात फुट होगी। गलियों में तारों के जाल बिछे हैं, जो तीन तीन फुट ऊंचाई पर स्थापित हैं। यहां रहने वाले लोग पल-पल मौत के साये में जिंदगी जीने को मजबूर हैं।
स्थानीय निवासी हरीश धवन का कहना है कि पावरकॉम के अधिकारियों को अनेकों बार इन तारों को हटाने का आग्रह किया, लेकिन वे उनकी पुकार नहीं सुनते। दो माह पूर्व अधिकारी से मिले थे, उन्होंने कहा कि आप लोग सरकारी फीस भर दो। हम तारें हटवा देंगे। स्थानीय निवासियों ने 160 रुपये इक_े किए और चेक बनाकर अधिकारी को देने गए। अधिकारी ने चेक लेने से इंकार कर दिया। वह बोला कि उन्हें नकद पैसे चाहिए। इससे साफ है कि पावरकॉम का उक्त अधिकारी भ्रष्टाचार करना चाहता है। हरीश ने बताया कि जुलाई माह में दशमेश नगर के अंतर्गत आते जौड़ा फाटक क्षेत्र में मनियारी की दुकान करने वाले प्रमोद की जान इन्हीं तारों की वजह से गई।
वह अपने पड़ोसी की मदद करने उसके घर गया था। पड़ोसी की छत पर दीवान बेड चढ़ा रहा था कि अचानक ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज की चपेट में आ गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। पावरकॉम बिजली के भारी भरकम बिल तय समय पर भेज देता है, पर व्यवस्था को सुधारने की कोशिश नहीं की जा रही।
चाय-पानी पीकर चले जाते हैं अधिकारी
स्थानीय निवासी पवन कुमार अरोड़ा ने बताया कि उन्होंने पावरकॉम के अधिकारियों से कई बार आग्रह किया। पत्र भी लिखे गए। बिजलीकर्मी क्षेत्र में आते हैं और चाय-पानी पीकर चले जाते हैं। छतों से हाई वोल्टेज तारें गुजर रही हैं। पिछले पांच सालों में इन तारों की चपेट में आने से तीन लोगों की जान चली गई। इन दर्दनाक मौतों के बाद भी पावरकॉम के अधिकारियों का दिल नहीं दहला।
अब यदि पावरकॉम ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तारों को न हटाया तो इसका परिणाम बुरा होगा। समूह इलाका निवासी चीफ इंजीनियर कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ जाएंगे। वहीं पावरकॉम के एसडीओ का कहना है कि बिना फीस जमा कराए इस समस्या का समाधान नहीं निकल सकता।
खास खबर EXCLUSIVE : देवराहा बाबा की कहानी,बाबा बालकदास की जुबानी