राज्य के आंगनबाड़ी केन्द्र बनेंगे लर्निंग सेंटर, होगी पेरेंट्स मीटिंग

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 05 दिसम्बर 2016, 08:37 AM (IST)

जयपुर। बच्चों के विकास पर ध्यान देने के लिए स्कूलों की तर्ज पर अब आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी पेरेंट्स मीटिंग होगी। साथ ही स्कूली शिक्षा से पहले 6 वर्ष तक के बच्चों को शाला पूर्व शिक्षा देने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को लर्निंग सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। हाल ही में शाला पूर्व शिक्षा का पाठ्यक्रम भी तैयार किया गया है। इसके लिए शैक्षणिक सामग्री व खिलौने आदि भी बच्चों को उपलब्ध कराए गए हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों के माता-पिता से बात करने के लिए हर महीने की अमावस्या तिथि को अभिभावक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में कार्यकर्ता व सहायिका बच्चों के अभिभावकों के साथ बातकर प्रत्येक बच्चे पर व्यक्तिगत ध्यान देंगीं। समेकित बाल विकास सेवाएं निदेशालय ने हाल ही में प्रदेशभर के सभी केंद्रों को हर माह बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। निदेशक समित शर्मा के अनुसार बैठक में बच्चों की गतिविधियों व कार्य अभिभावकों को बताए जाएंगे। बच्चों से संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। साथ ही उनके शारीरिक, भाषाई, रचनात्मक, बौद्धिक व सामाजिक व भावनात्मक विकास पर ध्यान दिया जाएगा। अभिभावकों को परामर्श भी दिया जाएगा। बच्चों को प्रोत्साहन के लिए खिलौने, टॉफी व अन्य शैक्षणिक सामग्री भी दी जाएगी। वहीं किसी भी बच्चे पर नकारात्मक टिप्पणी नहीं की जाएगी। अभिभावक बैठक के दिन महिला पर्यवेक्षक, बाल विकास परियोजना अधिकारी व उपनिदेशक भी केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।

खास खबर EXCLUSIVE : देवराहा बाबा की कहानी,बाबा बालकदास की जुबानी