सोलन । सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा कर्नल
धनीराम शांडिल ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए हैं कि शामती बाईपास के निर्माण
कार्य को 6 माह में पूरा किया जाए। डॉ शांडिल सोलन विधानसभा क्षेत्र के धांरजी (धोपटन)
में सोलन-राजगढ़ बाईपास (शामती बाईपास) के भूमि पूजन के अवसर पर उपस्थित लोगों को सम्बोधित
कर रहे थे। 5.41 किलोमीटर लम्बे इस बाईपास के निर्माण कार्य पर लगभग 26 करोड़ रुपए व्यय
होंगे।
डॉ शांडिल ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि
इस बाईपास की कंटिग एवं फॉरमेशन के कार्य को चार माह में पूरा कर 6 माह में इसे पक्का
किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निए
नियमित अन्तराल पर कार्य की समीक्षा की जाएगी तथा वे स्वंय इस कार्य का अनुश्रवण करेंगे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि शामती
बाईपास के निर्माण से सोलन तथा सिरमौर जिले मुख्य रूप से लाभान्वित होंगे। यह बाईपास
समूचे क्षेत्र के किसानों, बागवानों के लिए लाभदायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह
क्षेत्र बेमौसमी सब्जियों तथा टमाटर के उत्पादन के लिए जाना जाता है।उन्होंने कहा कि शामती बाईपास के साथ आस-पास के गांव
को जोड़ने के लिए एक सम्पर्क मार्ग भी निर्मित किया जाएगा। यह मार्ग शयोथल तथा चिलड़ी
को बाईपास से जोड़ेगा। इस सम्पर्क मार्ग के निर्माण से शयोथल, मनांझी, भगड़ोल, धराजंटी
कलां, धराजंटी खुर्द, बढ़खोर, चिला खुर्द, चिला कलां, चिलाड़ी, बढलयाणा, शमलेच इत्यादि
गांव लाभान्वित होंगे। बाईपास तथा सम्पर्क मार्गों के निर्मित हो जाने से क्षेत्र के
किसानों-बागवानों को अपने उत्पाद विपणन मंडियों तक सुगमता से पंहुचाने में सहायता मिलेगी।
डॉ शांडिल ने कहा कि सोलन-राजगढ़ बाईपास के निर्माण
से सोलन शहर के यातायात दबाव को कम किया जा सकेगा । सोलन शहर में वाहनों की लगातार
बढ़ती संख्या तथा सीमित स्थान के कारण यातायात प्रबन्धन में भी यह बाईपास महत्त्वपूर्ण
सिद्ध होगा।सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि वर्तमान
प्रदेश सरकार ने सोनल जिले में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। सोलन में लोगों
की सुविधा के लिए 26 करोड़ रुपए की लागत से मिनी सचिवालय का निर्माण कार्य अगले वर्ष
मार्च तक पूरा हो जाएगा।
मिनी सचिवालय के निर्माण से लोगों के कार्य एक ही स्थान पर
सुगमता से हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि सोलन जिले की सभी 211 ग्राम पंचायतों को सड़क
सुविधा प्रदान कर दी गई है। ज़िले में सड़कों, पुलों तथा भवनों के निर्माण पर अभी तक
लगभग 187 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।उन्होंने कहा कि सोलन शहर में रैन बसेरों के निर्माण
पर भी लगभग 70 लाख रुपए खर्च होंगे।
जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष राहुल ठाकुर, जोगिन्द्रा
केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मोहन मेहता, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष
एवं ग्राम नौणी पंचायत के प्रधान बलदेव सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत पौधना के प्रधान संजीव
ठाकुर, बी.डी.सी सदस्य सोमदत्त, खण्ड कांग्रेस समिति कण्डाघाट के अध्यक्ष एवं बी.डी.सी
अजय वर्मा, प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रवक्ता जगमोहन मल्होत्रा, प्रदेश परिवहन प्राधिकरण
के सदस्य सरदार सिंह ठाकुर, राज्य पर्यटन विकास निगम निदेशक मण्डल के सदस्य सुरेन्द्र
सेठी, जिला कांग्रेस प्रवक्ता मुकेश शर्मा, प्रदेश कांग्रेस समिति के सचिव संजय भण्डारी,
भाषा, कला एवं संस्कृति अकादमी के सदस्य मदन हिमाचली, सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के अजय
कंवर, शहरी कांग्रेस के मनोज गुप्ता, खण्ड कांग्रेस सोलन के कोषाध्यक्ष पी.आर. कश्यप,
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियन्ता भुवन शर्मा, अधिषासी अभियन्ता अनिल शर्मा, खण्ड
विकास अधिकारी विजय शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एर्व स्थानीय निवासी इस अवसर पर
उपस्थित थे।
खास खबर Exclusive : लुटेरे की इस गैंग के शातिर तरीके से अफसर भी खा गए धोखा